Guar Gum Prices: अब तक आपने येलो गोल्ड यानी सोना और ब्लैक गोल्ड यानी कच्चे तेल के बारे में खूब सुना होगा, लेकिन कमोडिटी बाजार में एक नया खिलाड़ी तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है। इसे ग्रीन गोल्ड कहा जा रहा है। यह कोई धातु नहीं, बल्कि राजस्थान में बड़े पैमाने पर पैदा होने वाली ग्वार फसल से तैयार होने वाला ग्वार गम है। पिछले एक साल में इसकी कीमतों में करीब 108 फीसदी की तेजी आई है। इस प्रदर्शन के साथ ग्वार गम ने सोने और कच्चे तेल जैसी बड़ी कमोडिटीज को भी पीछे छोड़ दिया है।
Kedia Advisory की रिपोर्ट के मुताबिक, NCDEX पर ग्वार गम की कीमत नवंबर 2025 में 8,251 रुपये प्रति क्विंटल थी, जो 12 नवंबर 2026 को बढ़कर 17,193 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। यानी एक साल में इसकी कीमत लगभग दोगुनी हो गई। इस तेजी के पीछे घरेलू स्तर पर घटती सप्लाई और अमेरिका के एनर्जी सेक्टर से बढ़ती मांग को प्रमुख वजह माना जा रहा है।
आखिर क्यों बढ़ रही है ग्वार गम की मांग?
ग्वार गम की बढ़ती मांग का सबसे बड़ा कनेक्शन अमेरिका के तेल और गैस उद्योग से है। दरअसल, ग्वार गम का इस्तेमाल हाइड्रोलिक फ्रैक्चरिंग यानी फ्रैकिंग प्रक्रिया में किया जाता है। यह तकनीक जमीन के नीचे मौजूद शेल चट्टानों से तेल और प्राकृतिक गैस निकालने के लिए इस्तेमाल होती है।
इस प्रक्रिया में ग्वार गम को पानी में मिलाया जाता है, जिससे पानी की गाढ़ापन बढ़ जाता है। इसके बाद इस मिश्रण के जरिए रेत को चट्टानों में बनाई गई दरारों तक पहुंचाया जाता है। रेत इन दरारों को खुला रखती है, जिससे तेल और गैस आसानी से बाहर निकल सकें।
अमेरिका में फ्रैकिंग गतिविधियों में बढ़ोतरी से ग्वार गम की मांग को सपोर्ट मिल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में अमेरिका में 779 हॉरिजॉन्टल कुओं का काम पूरा हुआ, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 12 फीसदी ज्यादा है। इसी महीने लगभग 806 कुओं में
फ्रैकिंग की शुरुआत भी हुई।
राजस्थान में घटा उत्पादन, सप्लाई पर बढ़ा दबाव
ग्वार गम की कीमतों में तेजी की दूसरी बड़ी वजह भारत में घटता उत्पादन है। दुनिया के कुल ग्वार उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी करीब 80 फीसदी है, जबकि देश के कुल उत्पादन में राजस्थान का योगदान लगभग 72 फीसदी है।
ET Now Swadesh की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में राजस्थान में ग्वार की खेती का रकबा 22.5 फीसदी घटकर 23.10 लाख हेक्टेयर रह गया। वहीं, उत्पादन पिछले साल के 19.74 लाख टन से घटकर 17.85 लाख टन रहने का अनुमान है। सामान्य से कम बारिश ने भी फसल की उपलब्धता को लेकर चिंताएं बढ़ाई हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय मांग और घरेलू सप्लाई में कमी का दोहरा असर कीमतों पर दिखाई दे रहा है।
क्या आगे भी जारी रहेगी तेजी?
हालांकि ग्वार गम की कीमतों में आई तेजी के बावजूद कुछ जोखिम भी मौजूद हैं। भारत अपने प्रोसेस्ड ग्वार गम का करीब 90 फीसदी निर्यात करता है, लेकिन अमेरिका की हिस्सेदारी लगातार घटी है। 2013 में कुल निर्यात में अमेरिका की हिस्सेदारी करीब 60 फीसदी थी, जो 2024 में घटकर 21.2 फीसदी रह गई।
इसके अलावा, फ्रैकिंग में सिंथेटिक पॉलिमर के बढ़ते इस्तेमाल से ग्वार आधारित उत्पादों पर निर्भरता कम हुई है। अगर कच्चे तेल की कीमतें गिरती हैं या अमेरिकी एनर्जी कंपनियां खर्च घटाती हैं, तो ग्वार गम की मांग प्रभावित हो सकती है।
फिलहाल अमेरिका में फ्रैकिंग गतिविधियां मजबूत रहने, कच्चे तेल की कीमत 80 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बने रहने और घरेलू उत्पादन कम रहने से ग्वार गम को सपोर्ट मिल सकता है। हालांकि, सिंथेटिक विकल्प और कमजोर वैश्विक मांग इसकी तेजी के लिए चुनौती बन सकते हैं।
कमोडिटी बाजार में ग्रीन गोल्ड की यह कहानी बताती है कि अब कृषि उत्पादों की कीमतें सिर्फ मौसम और फसल पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि उनका सीधा कनेक्शन दुनिया की ऊर्जा जरूरतों से भी जुड़ चुका है।
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन शॉपिंग में अब नहीं चलेगा कंपनियों का मनमाना खेल, 1 जनवरी से लागू होंगे नए नियम