Jaunpur Viral Video: शादी की जिद में 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा करने वाले प्रेमी युगल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. करीब साढ़े चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद दोनों को सुरक्षित नीचे उतारा गया था, लेकिन अब मामला पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है. पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव (हनुमान नगर) में 19 वर्षीय नेहा गौतम मोबाइल टावर पर चढ़ गई. वह मीरगंज थाना क्षेत्र के बसेरवां गांव की रहने वाली है. टावर पर करीब 100 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर उसने अपने ही गांव के 24 वर्षीय अभिजीत कुमार गौतम से शादी कराने की मांग रखी. उसने धमकी दी कि अगर अभिजीत मौके पर नहीं पहुंचा तो वह टावर से कूदकर जान दे देगी. युवती ने यह भी साफ कर दिया था कि अभिजीत के अलावा कोई दूसरा व्यक्ति टावर पर चढ़ा तो वह कूद जाएगी. इस वजह से पुलिस और रेस्क्यू टीम को भी काफी देर तक नीचे ही रुकना पड़ा.
जौनपुर में टावर पर चढ़ी प्रेम दीवानी नेहा गौतम व टावर पर ऊपर जाकर ही मांग में सिंदूर भरने वाले बॉयफ्रेंड अभिजीत को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। पुलिस का मानना है की दोनों ने जानबूझकर ड्रामा रचा ताकि शादी हो जाए और पब्लिसिटी भी। https://t.co/7EyWHFl2Wr
— TRUE STORY (@TrueStoryUP) November 16, 2026
आंखों ही आंखों में इशारा, फिर मांग में भरा सिंदूर
करीब साढ़े चार घंटे तक समझाने के बाद रेस्क्यू टीम युवक को अपने बीच में लेकर करीब 8 से 10 फीट की ऊंचाई तक पहुंची और युवती से बातचीत कराई. प्राथमिकी में दर्ज घटनाक्रम के अनुसार, इसके बाद दोनों ने आंखों ही आंखों में इशारा कर सहमति जताई. युवती के तैयार होने पर अभिजीत ने उसकी मांग में सिंदूर भर दिया. इसके बाद दोनों रेस्क्यू टीम की मदद से सुरक्षित नीचे उतर आए. इस दौरान टावर के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे. बधवा मार्ग पर आवागमन भी काफी देर तक प्रभावित रहा. करीब पांच घंटे तक पुलिस-प्रशासन और आम लोग अनिश्चितता की स्थिति में रहे.
ये भी पढ़ें: Watch Video: मां-बच्चे पर 4 महिलाओं का हमला! मासूम को बचाने पहुंचे पिता, फिर जो हुआ… VIDEO देख रह जाएंगे हैरान!
अब दोनों पर मुकदमा, कोर्ट भेजे गए
पुलिस का कहना है कि यह पूरा घटनाक्रम सुनियोजित था. उपनिरीक्षक राजकुमार वर्मा की तहरीर पर बरसठी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. दोनों पर आरोप है कि उन्होंने आपसी मिलीभगत से टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने का नाटक रचा. इससे परिजनों, समाज और प्रशासन पर शादी के लिए अनैतिक दबाव बनाने की कोशिश की गई. इससे लोक व्यवस्था प्रभावित हुई और यातायात बाधित हुआ. थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि सोमवार को दोनों को सुखलालगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें: Watch Video: पीछे पोता, सिर पर स्कार्फ, हरियाणा की दादी ने हाईवे पर दौड़ाई बुलेट; वीडियो ने इंटरनेट पर मचाया तहलका