Watch Video: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट से एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां एक थाना प्रभारी के तबादले पर थाने में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. विदाई के वक्त एक महिला कांस्टेबल अपने आंसू नहीं रोक पाईं और फूट-फूटकर रोने लगीं. वहीं, थाना प्रभारी ने उन्हें गले लगाकर ऐसा भरोसा दिया कि यह पल चर्चा का विषय बन गया.
SO के तबादले पर भावुक हुई महिला कांस्टेबल
मामला चित्रकूट जिले के रैपुरा थाने का बताया जा रहा है. यहां तैनात थाना प्रभारी (SO) राम सिंह का तबादला भरतकूप थाने में कर दिया गया है. तबादले के बाद जब उनकी विदाई का समय आया तो थाने का माहौल भावुक हो गया. बताया जा रहा है कि महिला कांस्टेबल थाना प्रभारी राम सिंह के जाने से काफी भावुक हो गईं. वह अपने आंसुओं को रोक नहीं पाईं और रोने लगीं. यह देखकर वहां मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी भी भावुक नजर आए.
कोई दिक्कत नहीं,वहीं बुला लेगें.. यूपी के चित्रकूट के रैपुरा थाने से सामने आई इस तस्वीर ने मौजूद लोगों की आंखों नम कर दिया।दरअसल थाना प्रभारी (SO) राम सिंह का तबादला भरतकूप थाने हो गया।मौजूदा थाने से विदाई की घड़ी आई,तो महिला कांस्टेबल अपने जज्बात रोक नहीं पाईं और फूट-फूट कर रोने लगी।SO साहब ने गले लगा आश्वासन दिया तुम्हें जल्द बुला लेगे।कास्टेबल ने माला पहना SO साहब को विदा किया।
— Tushar Rai (@tusharcrai) November 16, 2026
‘कोई दिक्कत नहीं, वहीं बुला लेंगे…’
विदाई के दौरान महिला कांस्टेबल ने थाना प्रभारी को माला पहनाकर सम्मान के साथ विदा किया. इस दौरान राम सिंह ने महिला कांस्टेबल को गले लगाया और उन्हें सांत्वना देते हुए कहा, ‘कोई दिक्कत नहीं, वहीं बुला लेंगे.’ उनके इस भरोसे भरे जवाब ने माहौल को और भावुक बना दिया. एक तरफ तबादले के बाद नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे थाना प्रभारी थे, तो दूसरी तरफ उन्हें विदा करते समय भावुक हुई महिला कांस्टेबल.
पुलिसकर्मियों के बीच रिश्ते की दिखी झलक
इस विदाई की तस्वीर ने एक बार फिर दिखाया कि पुलिस की वर्दी के पीछे भी भावनाएं और अपनापन होता है. ड्यूटी के दौरान साथ काम करते हुए कई बार सहकर्मियों के बीच ऐसा रिश्ता बन जाता है, जो सिर्फ नौकरी तक सीमित नहीं रहता. चित्रकूट के रैपुरा थाने से सामने आया यह भावुक नजारा लोगों का ध्यान खींच रहा है. खासकर थाना प्रभारी का महिला कांस्टेबल को गले लगाकर भरोसा देना चर्चा में है.