Iran Dirty Bomb Plot: ईरान बना रहा ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाने की साजिश? वॉशिंगटन में ‘डर्टी बम’ और केमिकल अटैक का अलर्ट, अमेरिकी एजेंसियां सतर्कअमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच एक चौंकाने वाली खुफिया जानकारी सामने आई है. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को नई जानकारी मिली है कि ईरान वॉशिंगटन डीसी में ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना पर विचार कर रहा है. इसके लिए कथित तौर पर ‘डर्टी बम’ या केमिकल हथियार का इस्तेमाल किया जा सकता है. सीएनएन ने सात अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है.
हालांकि, खुफिया रिपोर्ट में इस योजना को तत्काल हमले का संकेत नहीं बताया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, ईरान की ओर से कथित तौर पर ऐसे विकल्प तैयार किए जा रहे हैं, जिनका इस्तेमाल भविष्य में किया जा सकता है. खुफिया जानकारी से जुड़े दो सूत्रों ने बताया कि इस योजना में कुछ खास स्थानों और संभावित निशानों का भी जिक्र है. इसके बाद अमेरिकी अधिकारियों ने पिछले सप्ताह से ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियां शुरू कर दी हैं.व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा कि प्रशासन सभी संभावित खतरों पर लगातार नजर रख रहा है. हालांकि, फिलहाल अमेरिका की धरती पर किसी विश्वसनीय खतरे की जानकारी नहीं है.
अमेरिकी अधिकारियों की कई बैठकें
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के दिनों में अमेरिकी अधिकारियों की कई बैठकें हुई हैं. इनमें इस बात पर चर्चा की गई कि अगर ईरान अमेरिका के भीतर किसी असामान्य हथियार से हमला करने की कोशिश करता है, तो उससे कैसे निपटा जाएगा.एक अधिकारी ने इन बैठकों को एहतियाती तैयारी बताया. वहीं, एक अन्य अधिकारी ने कहा कि खुफिया एजेंसियों के बीच इस बात पर अभी भी चर्चा जारी है कि ईरान के पास ऐसा हमला करने की क्षमता और इरादा है या नहीं.
सीएनएन से बातचीत में एक सूत्र ने कहा कि इस बात पर भी संदेह है कि क्या ईरान के पास अमेरिका में ऐसे ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए जरूरी लोग मौजूद हैं.रिपोर्ट के अनुसार, ईरान से जुड़े खतरों को देखते हुए अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने एहतियात के तौर पर ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट को सैन्य आवास में शिफ्ट कर दिया है.
अमेरिकी खुफिया एजेंसियां लंबे समय से ईरान की ओर से मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की कथित कोशिशों पर नजर रख रही हैं. इससे पहले 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कथित साजिश की भी जांच हुई थी. अमेरिकी अधिकारियों को इस बात की भी चिंता है कि डर्टी बम बनाना परमाणु हथियार की तुलना में आसान हो सकता है. इसकी वजह यह है कि इसमें सामान्य विस्फोटक के साथ रेडियोधर्मी पदार्थ का इस्तेमाल किया जाता है.
खुफिया एजेंसियों को ऐसी अफवाहों की जानकारी भी मिली है कि ईरान ने अमेरिका में बम बनाने से जुड़ी कुछ सामग्री छिपाकर रखी हो सकती है. हालांकि, अधिकारी इस जानकारी की सच्चाई को लेकर एकमत नहीं हैं. कुछ अधिकारियों का मानना है कि ईरान पहले से ही ऐसे रेडियोधर्मी पदार्थ या केमिकल एजेंट अमेरिका में पहुंचा चुका हो सकता है, जिन्हें सामान्य विस्फोटक के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है.
ऐसे हथियारों का मुख्य उद्देश्य बड़े पैमाने पर परमाणु तबाही मचाना नहीं, बल्कि लोगों में डर फैलाना और आसपास के इलाके को दूषित करना होता है. एक अमेरिकी सूत्र ने कहा, ”ऐसा कोई भी हथियार आतंक फैलाने के लिए होता है, सटीक निशाना साधने के लिए नहीं.”
क्या होता है डर्टी बम?
डर्टी बम एक सामान्य विस्फोटक उपकरण होता है, जिसमें रेडियोधर्मी पाउडर या छोटे कण मिलाए जाते हैं. इसमें डायनामाइट जैसे पारंपरिक विस्फोटकों का इस्तेमाल किया जा सकता है. अमेरिकी सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के मुताबिक, इसमें विस्फोट होने पर रेडियोधर्मी पदार्थ आसपास के इलाके में फैल जाता है. हालांकि, इससे परमाणु विस्फोट नहीं होता.
डर्टी बम के धमाके से लोगों को गंभीर चोटें लग सकती हैं और संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है. इसके अलावा, आसपास मौजूद लोग रेडियोधर्मी कणों के संपर्क में आ सकते हैं. विस्फोट के बिल्कुल करीब मौजूद लोगों को रेडिएशन से तुरंत गंभीर नुकसान होने का खतरा रहता है.
डर्टी बम परमाणु हथियार की तुलना में काफी कम विनाशकारी होता है. 1News की रिपोर्ट के अनुसार, इससे रेडिएशन के मुकाबले विस्फोट के कारण ज्यादा लोगों की जान जाने का खतरा हो सकता है. हालांकि, रेडियोधर्मी प्रदूषण बड़े इलाके में फैल सकता है.
ईरान ने आरोपों को लेकर क्या कहा?
ईरान ने केमिकल हथियारों से जुड़े आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. संयुक्त राष्ट्र में ईरान के मिशन ने इन आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया. ईरानी मिशन के प्रवक्ता ने कहा कि उनका देश किसी भी परिस्थिति में केमिकल हथियारों के इस्तेमाल को पूरी तरह गलत मानता है. उन्होंने इन आरोपों को स्पष्ट रूप से खारिज किया. हालांकि, ईरान के बयान में डर्टी बम से जुड़ी खुफिया जानकारी पर सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया गया.
वहीं, अमेरिकी रक्षा विभाग ने इस मामले से जुड़े सवालों को नेशनल इंटेलिजेंस के निदेशक कार्यालय (ODNI) के पास भेज दिया. ODNI ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारी एक अन्य खुफिया जानकारी की भी समीक्षा कर रहे हैं. इसमें आशंका जताई गई है कि ईरान मध्य पूर्व में तैनात अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ केमिकल हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है.अमेरिकी अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि वहां तैनात सैनिकों और राजनयिक कर्मचारियों के पास ऐसे संभावित हमलों से बचने के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और ट्रेनिंग मौजूद है या नहीं.
अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि ईरान जानता है कि अमेरिकी जमीन पर किसी भी हमले के गंभीर परिणाम हो सकते हैं. हालांकि, कुछ खुफिया आकलनों में आशंका जताई गई है कि ईरान के कट्टरपंथी गुट अपनी सत्ता को खतरे में देखकर ऐसे कदम उठा सकते हैं, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ सकता है.