Tata Power CEO Sanjay Banga: टाटा ग्रुप की प्रमुख पावर कंपनी Tata Power में नेतृत्व को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है. कंपनी ने अपने रिन्यूएबल एनर्जी बिजनेस के प्रमुख Sanjay Banga को अगला चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) नियुक्त किया है. वह 1 मई 2027 से Praveer Sinha की जगह कंपनी की कमान संभालेंगे. उनकी नियुक्ति पांच साल के लिए होगी और यह 30 अप्रैल 2032 तक प्रभावी रहेगी. हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी.
कंपनी ने 11 नवंबर 2026 को हुई बोर्ड बैठक में Sanjay Banga को अतिरिक्त निदेशक और CEO-designate नियुक्त करने की मंजूरी दी. उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है. इस फैसले के साथ Tata Power ने भविष्य के नेतृत्व में बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
कौन हैं Sanjay Banga?
Sanjay Banga फिलहाल Tata Power Renewable Energy के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. इसके अलावा वह Tata Power के रिन्यूएबल एनर्जी बिजनेस के प्रेसिडेंट भी हैं. उन्हें बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में लंबा अनुभव है.
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत NTPC में इंजीनियर ट्रेनी के तौर पर की थी. वह 1989 से 1995 तक NTPC से जुड़े रहे. इसके बाद 1996 से 2003 तक Reliance Energy (तत्कालीन BSES) में काम किया.
साल 2003 में वह Tata Power के दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस से जुड़े और कंपनी के CEO बने. उन्होंने मुंबई, दिल्ली, ओडिशा, अजमेर और अन्य क्षेत्रों में बिजली वितरण कारोबार की जिम्मेदारी भी संभाली. उनके पास NIT कुरुक्षेत्र से बीटेक और दिल्ली यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से MBA की डिग्री है. इसके अलावा उन्होंने Harvard Business School का सीनियर एग्जीक्यूटिव लीडरशिप प्रोग्राम भी पूरा किया है.
CEO नियुक्ति के दिन शेयर में दिखी कमजोरी
Sanjay Banga की नियुक्ति की घोषणा के बाद 12 नवंबर को Tata Power के शेयरों में शुरुआती तेजी देखने को मिली, लेकिन बाद में शेयर ने अपनी बढ़त गंवा दी.
सुबह 11:22 बजे NSE पर कंपनी का शेयर 358.55 रुपये पर कारोबार कर रहा था. इसमें पिछले बंद भाव 360 रुपये के मुकाबले 0.40% की गिरावट थी. कारोबार के दौरान शेयर 367.40 रुपये तक पहुंचा था, लेकिन बाद में फिसलकर 358.20 रुपये के निचले स्तर तक आ गया.
दूसरी तिमाही में मुनाफा 48.6% बढ़ा
Tata Power ने नेतृत्व बदलाव के साथ सितंबर तिमाही के नतीजे भी जारी किए. वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 48.6% बढ़कर 1,366 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 919 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था.
बिजली उत्पादन में सुधार और रिन्यूएबल एनर्जी कारोबार में बढ़ोतरी से कंपनी के नतीजों को मजबूती मिली. कंपनी के रिन्यूएबल एनर्जी बिजनेस का तिमाही मुनाफा भी 7.9% बढ़ा.
₹11,871 करोड़ के हाइड्रो प्रोजेक्ट को मंजूरी
कंपनी के बोर्ड ने महाराष्ट्र के शिरवाटा में 1,800 MW क्षमता वाले पंप्ड स्टोरेज हाइड्रो प्रोजेक्ट के लिए 11,871 करोड़ रुपये के निवेश को भी मंजूरी दी है. इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में करीब 51 महीने लगने की उम्मीद है.
इस परियोजना में 75% फंडिंग कर्ज और 25% इक्विटी के जरिए की जाएगी. इसमें अतिरिक्त बिजली का इस्तेमाल करके पानी को ऊंचाई पर बने रिजर्वायर में पहुंचाया जाएगा. जरूरत के समय इसी पानी को टरबाइन के जरिए नीचे छोड़कर बिजली बनाई जाएगी.
इससे सौर और पवन ऊर्जा का उत्पादन कम होने पर भी बिजली की मांग पूरी करने में मदद मिलेगी. इस तरह Tata Power का नया नेतृत्व और बड़े निवेश कंपनी की भविष्य की विकास रणनीति के लिहाज से अहम होंगे.
(डिस्क्लेमर: यह कंटेंट केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से दी गई है. इसे वित्तीय, निवेश, कानूनी या कर संबंधी सलाह न समझें। किसी भी वित्तीय निर्णय लेने से पहले पाठकों को विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए.)
यह भी पढ़ें: Tata Investment Corporation में बड़ा बदलाव, Noel Tata ने 16 साल बाद छोड़ा चेयरमैन पद, Bahram Vakil संभालेंगे कमान