Watch Video: रात का सन्नाटा, सड़क पर दौड़ती बुलेट और अचानक सामने आ गया जंगल का विशालकाय हाथी! इसके बाद जो हुआ, उसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ऋषिकेश मार्ग पर देहरादून एयरपोर्ट के पास बुधवार देर रात एक जंगली हाथी ने बुलेट सवार युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. हाथी के सामने युवक की जिंदगी कुछ पलों के लिए मौत के मुहाने पर पहुंच गई. गनीमत रही कि आखिरकार हाथी वहां से चला गया और युवक की जान बच गई.
अचानक सामने आया हाथी
जानकारी के मुताबिक, युवक अपनी बुलेट से ऋषिकेश मार्ग पर गुजर रहा था. इसी दौरान सड़क पर मौजूद जंगली हाथी ने उसे निशाना बना लिया. इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, हाथी ने उस पर हमला कर दिया. हमले की ताकत इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर जा गिरा. इसके बाद हाथी ने उसे अपने पैरों से धकेलना शुरू कर दिया.
बाल-बाल बची युवक की जान 😱 देहरादून एयरपोर्ट रोड पर बुधवार देर रात एक हाथी ने बुलेट सवार युवक पर हमला कर दिया। इस दौरान युवक सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद हाथी युवक के ऊपर से पैर रखकर आगे बढ़ गया और सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए जंगल की ओर चला गया। #Dehradun #Uttarakhand https://t.co/olvzmCBwpo
— Bhupi Panwar (@askbhupi) November 12, 2026
कुछ सेकंड तक मौत से लड़ा
मौके पर मौजूद लोगों की सांसें उस वक्त थम गईं, जब विशालकाय हाथी युवक के आसपास मंडराता और उसे पैरों से धकेलता नजर आया. आसपास मौजूद लोग चीखने-चिल्लाने लगे. हर कोई युवक को बचाना चाहता था लेकिन हाथी के गुस्से को देखकर कोई उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था.
लोहे की रेलिंग तोड़कर भागा हाथी
कुछ देर तक युवक पर हमला करने के बाद हाथी डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए जंगल की तरफ चला गया. हाथी के वहां से हटते ही लोगों ने राहत की सांस ली. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को संभाला और सड़क किनारे पहुंचाया.
कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
इस पूरी घटना का वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है. बताया जा रहा है कि रास्ते से गुजर रहे लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में हाथी के हमले को रिकॉर्ड कर लिया था. बता दें कि देहरादून एयरपोर्ट और ऋषिकेश मार्ग के दोनों ओर घना जंगल है. यहां अक्सर हाथियों की आवाजाही बनी रहती है. कई बार हाथी जंगल से निकलकर सड़क पर पहुंच जाते हैं. हालांकि इस घटना ने एक बार फिर लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठा दिए हैं.