India vs Zimbabwe Women ODI: वडोदरा में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. शुरुआती झटकों से उबरते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 328 रन बनाए. इस तरह जिम्बाब्वे को जीत के लिए 329 रनों का लक्ष्य मिला. भारत की ओर से पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप कप्तान दीप्ति शर्मा ने शानदार शतकीय पारियां खेलीं. वहीं, प्रतिका रावल ने भी अर्धशतक लगाकर टीम के स्कोर को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई. India women vs zimbabwe women 2nd odi harmanpreet kaur deepti sharma centuries 328 runs target
19 रन पर गिरे 2 विकेट, मुश्किल में फंसी टीम इंडिया
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कप्तान स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा सस्ते में आउट हो गईं, जिसके चलते टीम ने महज 19 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए. शुरुआती झटकों से भारतीय टीम दबाव में आ गई थी. ऐसे समय में हरमनप्रीत कौर और प्रतिका रावल ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई और टीम को संकट से बाहर निकालने के लिए अहम साझेदारी की.
हरमनप्रीत कौर ने जड़ा वनडे करियर का आठवां शतक
हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 121 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से 126 रन बनाए. उनकी इस पारी ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. हरमनप्रीत ने अपने वनडे करियर का आठवां शतक पूरा किया. इसके साथ ही वह महिला वनडे क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गईं.हरमनप्रीत ने प्रतिका रावल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 124 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. इस साझेदारी ने शुरुआती झटकों से उबरने में भारतीय टीम की मदद की और बड़े स्कोर की नींव रखी.
प्रतिका रावल ने भी खेली अर्धशतकीय पारी
प्रतिका रावल ने हरमनप्रीत कौर का अच्छा साथ दिया. उन्होंने 67 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे. प्रतिका के आउट होने के बाद तेजल हसनवीस भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सकीं. हालांकि, इन विकेटों के गिरने के बावजूद हरमनप्रीत ने अपनी बल्लेबाजी जारी रखी और टीम को बड़े स्कोर की ओर ले जाने का काम किया.
दीप्ति शर्मा ने 86 गेंदों पर ठोका नाबाद शतक
हरमनप्रीत कौर के साथ पारी संभालने के बाद दीप्ति शर्मा ने भी बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया. उप कप्तान दीप्ति ने महज 86 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से नाबाद 106 रन बनाए. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारतीय टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया. हरमनप्रीत और दीप्ति के बीच एक और शतकीय साझेदारी हुई, जिसने भारत को 300 रन के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया.
भारत ने खड़ा किया 328 रनों का विशाल स्कोर
हरमनप्रीत कौर के 126 रन, दीप्ति शर्मा के नाबाद 106 रन और प्रतिका रावल के 61 रनों की बदौलत भारतीय महिला टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 328 रन बनाए. इन तीनों बल्लेबाजों के अलावा भारत की ओर से कोई अन्य बल्लेबाज 10 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका. अब जिम्बाब्वे की टीम के सामने जीत के लिए 329 रनों का लक्ष्य है.