Blessing Muzarabani PSL Ban: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी (Blessing Muzarabani) के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है. PCB ने ब्लेसिंग मुजरबानी को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खेलने पर 2 साल के लिए बैन लगा दिया है. मंगलवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने यह फरमान जारी किया. PCB के इस फैसले की वजह है कि ब्लेसिंग मुजरबानी ने इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने के लिए PSL से नाम वापस ले लिया था. इसके चलते उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. बता दें कि ब्लेसिंग मुजरबानी आईपीएल और पीएसएल दोनों में अनसोल्ड रहे थे. इसके बाद इस्लामाबाद यूनाइटेड ने मुजरबानी को रिप्लेसमेंट के तौर पर साइन किया था. हालांकि आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले ब्लेसिंग मुजरबानी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम में शामिल हो गए.
PSL छोड़ IPL खेलने का लिया फैसला
ब्लेसिंग मुजरबानी पीएसएल 2026 में इस्लामाबाद यूनाइटेड का हिस्सा थे, लेकिन आईपीएल 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें अपने स्क्वाड में शामिल होने का प्रस्ताव दिया. इस पर ब्लेसिंग मुजरबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग की जगह इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल में खेलने का फैसला किया. उन्होंने केकेआर के साथ कॉन्ट्रैक्ट ले लिया. इसकी वजह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मुजरबानी को 2 साल के लिए पीएसएल से बैन कर दिया. इससे पहले पिछले सीजन साउथ अफ्रीका के स्टार गेंदबाज कॉर्बिन बॉश को भी इसी तरह के मामले में एक साल के लिए बैन किया गया था.
मुजरबानी ने मुस्तफिजुर की ली थी जगह
दरअसल, कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बड़ी बोली लगाकर खरीदा था. हालांकि बांग्लादेश और भारत के बीच तनावपूर्ण संबंधों के चलते बीसीसीआई ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने पर रोक लगा दी. इससे केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को स्क्वाड से रिलीज कर दिया. इसके बाद केकेआर ने ब्लेसिंग मुजरबानी को मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया. ब्लेसिंग मुजरबानी अभी तक आईपीएल 2026 में 2 मैच खेल चुके हैं, जिनमें उनके नाम 4 विकेट दर्ज हैं. उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे.
इन खिलाड़ियों पर भी लगेगा बैन
ब्लेसिंग मुजरबानी के अलावा इस साल कई अन्य खिलाड़ियों ने भी पीएसएल छोड़कर आईपीएल में खेलने का फैसला लिया था. इनमें स्पेंसर जॉनसन और दसुन शनाका शामिल हैं. इन खिलाड़ियों पर पीएसएल में बैन लगाए जाने की संभावना है. हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है.