Pawan Kalyan Divorce: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता, जन सेना पार्टी के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने शादी के करीब 13 साल बाद अलग होने का फैसला किया है. सोमवार देर रात दोनों की ओर से एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर इस फैसले की जानकारी दी गई.
पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने किया अलग होने का ऐलान
पवन कल्याण के इंस्टाग्राम अकाउंट पर जारी संयुक्त बयान में दोनों ने बताया कि उन्होंने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला लिया है. हालांकि, इस फैसले के पीछे की वजहों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है. बयान में कहा गया कि भले ही उनकी शादी अब खत्म हो रही है, लेकिन दोनों के बीच दोस्ती और सम्मान का रिश्ता बना रहेगा. वे अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे और उनकी खुशी और भलाई को हमेशा प्राथमिकता देंगे.
बच्चों की परवरिश को लेकर कही ये बात
पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने अपने बयान में बच्चों को लेकर भी अपनी बात रखी. दोनों ने कहा कि वे आगे भी अपने बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता बने रहेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों की खुशी और उनका भविष्य दोनों की साझा प्राथमिकता रहेगा. इसके साथ ही दोनों ने लोगों से इस निजी फैसले का सम्मान करने और उनकी प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की.
अलग होने की वजह का नहीं किया खुलासा
पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने अपने संयुक्त बयान में अलग होने के कारणों का खुलासा नहीं किया है. फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि दोनों के बीच कानूनी तलाक की प्रक्रिया शुरू हुई है या नहीं. बच्चों की कस्टडी को लेकर भी बयान में कोई जानकारी नहीं दी गई है. दोनों ने इस मुश्किल समय में साथ देने वाले लोगों का आभार जताया है और अपनी निजी जिंदगी में दखल न देने की अपील की है.
पवन कल्याण की तीसरी शादी भी हुई खत्म
पवन कल्याण की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने अब तक तीन शादियां की हैं. उनकी पहली शादी साल 1997 में नंदिनी से हुई थी. हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों साल 1999 में अलग हो गए. इसके बाद पवन कल्याण ने साल 2009 में अभिनेत्री रेणु देसाई से शादी की. इस शादी से उनके दो बच्चे हैं. हालांकि, साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया और यह रिश्ता भी खत्म हो गया.
ये भी पढ़ें : हर फिल्म में गुस्सा, भारी आवाज और एक्शन! क्या अपनी ही इमेज के कैदी बनते जा रहे हैं यश?
साल 2013 में अन्ना कोनिडेला से की थी शादी
पहली दो शादियों के टूटने के बाद पवन कल्याण ने साल 2013 में अन्ना कोनिडेला से तीसरी शादी की थी. अन्ना मूल रूप से रूस की रहने वाली हैं. दोनों के दो बच्चे हैं, जिनके नाम पोलेना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच हैं. अब करीब 13 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया है. इस तरह पवन कल्याण की तीसरी शादी भी खत्म हो गई है. हालांकि, दोनों ने साफ किया है कि वे अपने बच्चों की बेहतर परवरिश के लिए हमेशा साथ मिलकर जिम्मेदारी निभाएंगे.