दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने अपनी पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार करते हुए कंपनी के कर्मचारियों से माफी मांगी है. इसके बाद उनकी पत्नी लोरी हुआंग से संभावित तलाक को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि, जेनसन और लोरी हुआंग की ओर से तलाक को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
अगर दोनों के बीच तलाक होता है, तो जेनसन हुआंग की संपत्ति का बंटवारा कितना बड़ा हो सकता है, इस पर भी चर्चा हो रही है. एक अनुमान के मुताबिक, उनकी संपत्ति का आधा हिस्सा करीब 80 अरब डॉलर यानी लगभग 7 लाख करोड़ रुपये हो सकता है. यह रकम Amazon के संस्थापक जेफ बेजोस और उनकी पूर्व पत्नी मैकेंजी स्कॉट के तलाक के दौरान हुए संपत्ति बंटवारे से दोगुने से भी ज्यादा है.
कर्मचारियों को संदेश भेजकर मांगी माफी
जेनसन हुआंग ने 8 नवंबर को Nvidia के कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपनी पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार की. उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ विश्वासघात किया है. इसके लिए उन्होंने अपने परिवार, कर्मचारियों, कंपनी के बोर्ड सदस्यों, कारोबारी सहयोगियों और शेयरधारकों से माफी मांगी.
इस बीच Nvidia के बोर्ड ने एक स्वतंत्र जांच भी शुरू की है. इसका मकसद यह पता लगाना है कि क्या किसी विदेशी खुफिया एजेंसी ने जेनसन हुआंग को निशाना बनाया था. कंपनी के मुताबिक, हुआंग इस जांच में सहयोग करेंगे और CEO के पद पर बने रहेंगे.
कैसे निकला 80 अरब डॉलर की संपत्ति का आंकड़ा?
ET Now की रिपोर्ट के मुताबिक, 8 नवंबर को Forbes के एक अनुमान में जेनसन हुआंग की कुल संपत्ति 162.2 अरब डॉलर बताई गई थी. अगर इस रकम का आधा हिस्सा निकाला जाए तो यह 81.1 अरब डॉलर होता है.
हालांकि, Forbes के बाद के एक आंकड़े में उनकी संपत्ति घटकर 155.4 अरब डॉलर रह गई. इसमें 6.8 अरब डॉलर यानी करीब 4.19 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. इस नए आंकड़े के आधार पर आधी संपत्ति करीब 77.7 अरब डॉलर बैठती है.
लेकिन यह समझना जरूरी है कि 80 अरब डॉलर का आंकड़ा केवल एक अनुमान है. इसमें यह मान लिया गया है कि जेनसन हुआंग की पूरी संपत्ति को वैवाहिक संपत्ति माना जाएगा और उसका बराबर बंटवारा होगा.
कैलिफोर्निया के कानून में क्या है संपत्ति बंटवारे का नियम?
जेनसन और लोरी हुआंग की शादी साल 1985 में हुई थी. कैलिफोर्निया के कानून के तहत शादी के दौरान वहां रहते हुए हासिल की गई संपत्ति को आमतौर पर पति-पत्नी की साझा संपत्ति माना जाता है. तलाक की स्थिति में ऐसी संपत्ति का बंटवारा बराबर हो सकता है.
हालांकि, इस नियम में कुछ कानूनी अपवाद भी हैं. इसके अलावा, अगर पति-पत्नी के बीच प्री-नप्चुअल या पोस्ट-नप्चुअल एग्रीमेंट हुआ है, तो संपत्ति का बंटवारा अलग तरीके से हो सकता है. जेनसन और लोरी के बीच ऐसा कोई समझौता है या नहीं, इसकी सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध नहीं है.
जेफ बेजोस के तलाक से कितनी अलग होगी यह रकम?
जेनसन हुआंग की संभावित संपत्ति के बंटवारे की तुलना Amazon के संस्थापक जेफ बेजोस के तलाक से भी की जा रही है.साल 2019 में जेफ बेजोस और मैकेंजी स्कॉट का तलाक हुआ था. उस समय मैकेंजी स्कॉट को Amazon की करीब 4 फीसदी हिस्सेदारी मिली थी. उस हिस्सेदारी की कीमत लगभग 35.6 अरब डॉलर थी.
इसके मुकाबले जेनसन हुआंग की आधी संपत्ति का अनुमान करीब 77.7 अरब से 81.1 अरब डॉलर लगाया जा रहा है. यानी यह रकम बेजोस के तलाक के दौरान मैकेंजी स्कॉट को मिली संपत्ति के मूल्य से दोगुने से भी ज्यादा हो सकती है.
Nvidia के शेयरों से जुड़ी है जेनसन हुआंग की संपत्ति
जेनसन हुआंग की संपत्ति का बड़ा हिस्सा Nvidia में उनकी हिस्सेदारी से जुड़ा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी में उनकी करीब 3.5 फीसदी हिस्सेदारी है.जेनसन और लोरी की शादी Nvidia की स्थापना से आठ साल पहले, यानी 1985 में हुई थी. जेनसन ने 1993 में Nvidia की सह-स्थापना की थी. कंपनी के शेयरों की कीमत में उतार-चढ़ाव के साथ उनकी कुल संपत्ति भी बदलती रहती है.
अगर भविष्य में तलाक की नौबत आती है, तो संपत्ति का बंटवारा किन परिसंपत्तियों पर लागू होगा और उनकी कीमत कितनी मानी जाएगी, यह कानूनी प्रक्रिया और उपलब्ध समझौतों पर निर्भर करेगा. फिलहाल तलाक की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और 80 अरब डॉलर का आंकड़ा केवल संभावित गणना है.
यह भी पढ़ें: क्या खतरे में है दुनिया के बड़े अरबपति की कुर्सी? Nvidia CEO Jensen Huang की बढ़ी मुश्किलें