LSG vs KKR Head-to-Head: लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए इस आईपीएल सीजन का सफर अब वादों से ज्यादा समस्याओं को सुलझाने के इर्द-गिर्द सिमट गया है. लगातार चार हार ने ऋषभ पंत की टीम को नौवें स्थान पर धकेल दिया है. टीम की डगमगाती बल्लेबाजी और इकाना स्टेडियम को अपने किले के रूप में इस्तेमाल न कर पाना उनके प्लेऑफ के सपनों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गया है.
आज यानी रविवार को लखनऊ के अपने घरेलू मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ होने वाला मुकाबला महज एक लीग मैच नहीं, बल्कि सर्वाइवल (अस्तित्व) की परीक्षा है. एक तरफ लखनऊ है जिसे रन और स्पष्ट रणनीति की तलाश है, तो दूसरी तरफ तालिका में सबसे नीचे बैठी KKR है जिसे यह साबित करना है कि उनकी पिछली जीत महज एक इत्तेफाक नहीं थी.
LSG और KKR
लखनऊ की फॉर्म में गिरावट काफी डराने वाली रही है. टीम का टॉप ऑर्डर पावरप्ले में वैसी आक्रामक शुरुआत नहीं दे पा रहा है जिसकी टी20 में जरूरत होती है. नतीजा यह है कि मिडिल ऑर्डर को पारी संवारने में ही पूरी ऊर्जा लगानी पड़ रही है. घर में खेलने का फायदा मिलने के बजाय, इस सीजन इकाना में मिली तीन हार ने फैंस और टीम की चिंता बढ़ा दी है.
वहीं दूसरी ओर, KKR की टीम राजस्थान रॉयल्स को हराने के बाद थोड़े बढ़े हुए हौसले के साथ लखनऊ पहुंची है. उनकी वह जीत स्पिनरों और लोअर मिडिल ऑर्डर के दम पर आई थी. अगर इकाना की पिच पर थोड़ी भी ग्रिप मिली, तो वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन की जोड़ी लखनऊ के बल्लेबाजों के लिए मुसीबत बन सकती है.
हेड टू हेड मुकाबला
कुल मैच: 7
लखनऊ सुपर जायंट्स जीता: 5
कोलकाता नाइट राइडर्स जीता: 2
पिच और मौसम का मिजाज
शनिवार को लखनऊ के डायरेक्टर टॉम मूडी और कोच जस्टिन लैंगर के साथ कप्तान ऋषभ पंत ने पिच का बारीकी से मुआयना किया. पंत ने खुद पिच को छूकर महसूस किया. शुरुआती संकेतों की मानें तो यह काली मिट्टी वाली पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो सकती है. ऐसे में दोनों टीमों के बीच पावरप्ले की जंग देखने लायक होगी.
जहाँ तक मौसम का सवाल है लखनऊ में आज झुलसाने वाली गर्मी है. दिन का तापमान 43°C तक गया है और मैच के दौरान भी यह 33°C से 38°C के बीच रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है, यानी खिलाड़ियों को इस भीषण हीटवेव का सामना करना होगा.