Pat Cummins on Vaibhav Suryavanshi: आईपीएल 2026 के मैदान पर एक ऐसा करिश्मा हुआ जिसने क्रिकेट जगत के दिग्गजों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया है. राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में ऐसी बल्लेबाजी की, जिसे देख दुनिया के बेहतरीन कप्तानों में शुमार पैट कमिंस भी उनके कायल हो गए.
37 गेंदों में जड़ा शतक
वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से जयपुर के मैदान पर जैसे आग लगा दी. उन्होंने महज 37 गेंदों में 103 रनों की तूफानी पारी खेली. उनकी इस पारी की सबसे खास बात यह थी कि उन्होंने दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में से एक, पैट कमिंस का सामना करते हुए जरा भी हिचकिचाहट नहीं दिखाई उन्होंने इस मुकाबले में 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के जड़े. उन्होंने कमिंस की पहली ही गेंद पर वैभव ने छक्का जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए थे. भले ही मैच का नतीजा कुछ भी रहा हो, लेकिन इस लड़के ने जसप्रीत बुमराह और जोश हेजलवुड के बाद अब कमिंस के खिलाफ भी अपनी धाक जमा दी है.
पैट कमिंस ने क्या कहा?
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमिंस के चेहरे पर हार की चिंता नहीं, बल्कि एक युवा प्रतिभा को देखने की खुशी थी. उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि वैभव अब मेरा नया फेवरेट खिलाड़ी है. वह गेंद को इतनी ताकत से हिट करता है कि उसे देखना अपने आप में एक रोमांच है. एक गेंदबाज के तौर पर अगर आप जरा भी चूके, तो गेंद बाउंड्री के बहुत बाहर जाएगी. जिस तरह से वह खेल को निडर होकर आगे बढ़ाता है, वह वाकई काबिल-ए-तारीफ है.’
कप्तान के तौर पर वापसी और टीम की जीत
एक लंबे ब्रेक के बाद मैदान पर लौटे कमिंस अपनी खुद की परफॉर्मेंस और टीम की जीत से संतुष्ट दिखे. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘टी-20 क्रिकेट अब इतना बदल गया है कि शायद हमें अपनी गेंदबाजी से ज्यादा बल्लेबाजी पर ध्यान देने की जरूरत है’ उन्होंने अपनी टीम की गहराई और ईशान किशन की कप्तानी की भी तारीफ की, जिन्होंने कमिंस की अनुपस्थिति में टीम को बखूबी संभाला. कमिंस ने कहा कि अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों की वजह से पावरप्ले में मिली तेज शुरुआत ने लक्ष्य का पीछा करना आसान बना दिया.