शम्मी सिल्वा साल 2019 से श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष पद पर कार्यरत थे. उनके इस्तीफे के पीछे मुख्य कारण अनुरा कुमार दिसानायाके के नेतृत्व वाली श्रीलंका सरकार का क्रिकेट बोर्ड में नए प्रशासन की मांग को माना जा रहा है. राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय क्रिकेट संस्था में व्यापक बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया था, जिसके बाद यह बड़ा फैसला सामने आया. सिर्फ शम्मी सिल्वा ही नहीं, बल्कि श्रीलंका क्रिकेट की पूरी कार्यकारी समिति ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार को हुई कार्यकारी समिति की बैठक में सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से पद छोड़ने का निर्णय लिया. यह फैसला सरकार के बढ़ते हस्तक्षेप और प्रशासनिक बदलाव की मांग के बीच लिया गया. शम्मी सिल्वा का इस्तीफा श्रीलंकाई क्रिकेट प्रशासन के लिए एक बड़े मोड़ के रूप में देखा जा रहा है. हाल के वर्षों में बोर्ड को पारदर्शिता, प्रशासनिक विवादों और आंतरिक राजनीति को लेकर लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि श्रीलंका सरकार और खेल मंत्रालय अंतरिम समिति में किन चेहरों को जगह देते हैं और वे देश के क्रिकेट प्रशासन को किस दिशा में ले जाते हैं. यह बदलाव आने वाले समय में श्रीलंका क्रिकेट के भविष्य पर बड़ा असर डाल सकता है.