Tilak Varma Century: मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन किसी रोलर-कोस्टर राइड से कम नहीं रहा है लेकिन तिलक वर्मा ने सोमवार को वह कर दिखाया जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ तिलक ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए अपना पहला आईपीएल शतक जड़ा और मुंबई को 199/5 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया.
तिलक का ‘वन मैन शो’
जब टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी तब तिलक वर्मा अंगद की तरह क्रीज पर जम गए. उन्होंने महज 45 गेंदों में नाबाद 101 रन कूट डाले, जिसमें 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. गौर करने वाली बात यह है कि मुंबई का स्कोर 14 ओवर में सिर्फ 103/4 था लेकिन आखिरी 6 ओवरों में तिलक ने अकेले दम पर पासा पलट दिया और अकेले 82 रन बना डाले.
फ्लॉप रही बाकी बल्लेबाजी
तिलक एक तरफ आग उगल रहे थे तो दूसरी तरफ मुंबई के बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए. मुंबई की टॉप ऑर्डर फेल रही, रबाडा ने शुरुआती झटके देते हुए क्विंटन डी कॉक और सूर्यकुमार यादव को जल्दी चलता कर दिया. कप्तान हार्दिक पांड्या और तिलक के बीच 81 रनों की साझेदारी तो हुई, लेकिन इसमें हार्दिक का योगदान 16 गेंदों में सिर्फ 15 रन का था. तिलक ने खास तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा को निशाने पर लिया और आखिरी दो गेंदों पर छक्का और चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया.
क्या टूटेगा हार का सिलसिला?
मुंबई इंडियंस के लिए यह जीत जीवनदान जैसी है. टीम ने 13 साल बाद अपना पहला मैच तो जीता था, लेकिन उसके बाद लगातार चार हार झेलकर वे पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे (10वें नंबर पर) पहुंच गए हैं. पिछले मैच में क्विंटन डी कॉक के शतक (112 रन) के बावजूद टीम हार गई थी ऐसे में तिलक और पूरी पलटन दुआ कर रही होगी कि इस बार यह शतक मैच विनिंग साबित हो.