Vaibhav Suryavanshi vs Praful Hinge: राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मैच में वैभव सूर्यवंशी ने तहलका मचा दिया. जहां एक ओर सभी लोग वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) की बल्लेबाजी का आनंद ले रहे थे. वहीं, दूसरी ओर फैंस की नजरें वैभव सूर्यवंशी बनाम प्रफुल्ल हिंगे पर थीं. जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी साहस और बदले की कहानी पेश की, जिसे देख सभी लोग हैरान रह गए. दरअसल, इस सीजन राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच दो मुकाबले खेले गए. पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी गोल्डन डक पर आउट हो गए थे.
हैदराबाद की ओर से डेब्यू करने वाले युवा तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने वैभव सूर्यवंशी को अपना पहला शिकार बनाया था. वैभव सूर्यवंशी उस मुकाबले में बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे. इस मुकाबले के बाद प्रफुल्ल हिंगे ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़े बोल बोले थे. प्रफुल्ल ने बताया कि कैसे उन्होंने टीम मीटिंग में वैभव सूर्यवंशी को आउट करने का प्लान बनाया था. इस मुकाबले के 12 दिन बाद ही वैभव सूर्यवंशी ने अपना बदला लिया.
वैभव सूर्यवंशी का बदला!
प्रफुल्ल हिंगे (Praful Hinge) ने अपने डेब्यू मैच में वैभव सूर्यवंशी को गोल्डन डक पर आउट कर दिया था. ऐसे में जब 25 अप्रैल को प्रफुल्ल हिंगे एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी के सामने आए, तो अलग ही नजारा देखने को मिला. राजस्थान बनाम हैदराबाद के मैच में प्रफुल्ल हिंगे पहला ओवर डालने आए. यशस्वी जायसवाल ने पहली गेंद पर सिंगल लेकर वैभव सूर्यवंशी को स्ट्राइक दी. इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने पहली गेंद डॉट खेली. इसके बाद उन्होंने अपना असली रूप दिखाया.
वैभव सूर्यवंशी ने हिंगे के पहले ही ओवर अगली 4 गेंदों पर लगातार 4 गगनचुंबी छक्के लगाए. वैभव सूर्यवंशी ने 4 छक्के की मदद से प्रफुल्ल हिंगे के पहले ही ओवर में 25 रन बटोर लिए. इस दौरान वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी देख प्रफुल्ल हिंगे के होश उड़ गए थे. उनके चेहरे पर साफ निराशा दिखाई दे रही थी. इसके बाद काफी देर तक प्रफुल्ल हिंगे को गेंदबाजी अटैक से दूर रखा गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
Clearing old debts and opening new accounts 👊
🎥 Vaibhav Sooryavanshi is dealing in fireworks 🔥
Updates ▶️ https://t.co/PVdpjhxVEy#TATAIPL | #KhelBindaas | #RRvSRH | @rajasthanroyals pic.twitter.com/zTRbvv0viN
— IndianPremierLeague (@IPL) April 25, 2026
प्रफुल्ल हिंगे ने दिया था बड़ा बयान
IPL 2026 में राजस्थान बनाम हैदराबाद के पहले मैच में प्रफुल्ल हिंगे ने वैभव सूर्यवंशी को पहली ही गेंद पर आउट कर दिया था. उस मैच में प्रफुल्ल हिंगे ने 4 विकेट लेकर रिकॉर्ड बनाया था. इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्रफुल्ल हिंगे को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया था. इस दौरान हिंगे ने कहा था कि मीटिंग में उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के बारे में चर्चा की थी. हिंगे ने कहा कि मैं वैभव को राउंड द विकेट बॉलिंग करना चाहता था, लेकिन बॉलिंग कोच ने उन्हें एक गेंद के लिए ओवर द विकेट ही जाने के लिए कहा था. इसकी मदद से ही प्रफुल्ल हिंगे को वैभव सूर्यवंशी का बड़ा विकेट मिला था. हालांकि वैभव सूर्यवंशी भी अगले मैच में अपना बदला लेने के लिए तैयार बैठे थे.
वैभव सूर्यवंशी ने ठोका दूसरा IPL शतक
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार शतक लगाया. इसी के साथ सूर्यवंशी ने आईपीएल में इतिहास रच दिया है. वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 36 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. यह आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक है. साथ ही वह किसी अनकैप्ड प्लेयर द्वारा आईपीएल में 2 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं. वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान मैदान के चारों ओर शॉट लगाए.
इतनी शानदार पारी खेलने के बावजूद भी वैभव सूर्यवंशी अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए. वैभव सूर्यवंशी के शतक के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने 228 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में उतरी हैदराबाद की टीम ने अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के तूफानी अर्धशतक की मदद से 18.3 ओवर में ही टारगेट चेज कर लिया.