Naigaon Railway Station Molestation Case: महाराष्ट्र के नाइगांव रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 20 साल की एक युवती को कथित तौर पर छेड़छाड़ का विरोध करने पर रेलवे प्लेटफॉर्म से धक्का दे दिया गया. वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई, जिससे उसका बायां हाथ ट्रेन के पहियों के नीचे आ गया. हादसे में युवती को अपना बायां हाथ गंवाना पड़ा. पुलिस ने गुरुवार (12 नवंबर, 2026) को इस घटना की जानकारी दी.
यह घटना 4 नवंबर की है. युवती ने 53 साल के एक व्यक्ति पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान जितेंद्र हिरमुखे के रूप में हुई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद 9 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 117(2), 74 और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
बोरिवली से विरार जा रही थी युवती
शिकायत के मुताबिक, युवती बोरिवली से विरार जा रही थी. इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ गलत तरीके से छूने की कोशिश की. युवती ने इसका विरोध किया और नाइगांव रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतर गई.युवती का आरोप है कि आरोपी भी उसके पीछे स्टेशन पर उतर गया और दोबारा उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा.युवती ने कहा कि उसने मुझे फिर से ब्रेस्ट के पास छुआ और पूछा “’इसे क्या होता है, अगर मैं सिर्फ छू लूं?’ तो, मैंने अपनी सैंडल उस पर फेंकी और फिर उसने मुझे धक्का दिया. मैं दो डिब्बों के बीच गैप में गिर गई,.”
ट्रेन के पहियों के नीचे आया बायां हाथ
युवती ने वायरल हो रहे एक वीडियो में बताया कि गिरने के दौरान उसका बायां हाथ ट्रेन के पहियों के नीचे आ गया. उसके हाथ में कोहनी के पास गंभीर चोट आई. हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों और वहां मौजूद यात्रियों की मदद से युवती को बाहर निकाला गया. इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.