Vaibhav Suryavanshi Injury Update: IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. शनिवार (25 अप्रैल) को वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तूफानी शतक लगाया. सूर्यवंशी ने सिर्फ 36 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. हालांकि शतक लगाने के बाद वैभव सूर्यवंशी चोटिल भी हो गए. दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद की पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी फील्डिंग करने उतरे थे. फील्डिंग के दौरान वैभव सूर्यवंशी को पैर में अचानक दर्द होने लगा.
इसके चलते वैभव सूर्यवंशी को मैदान से बाहर जाना पड़ा. यह घटना SRH की पारी के चौथे ओवर के दौरान हुई. ईशान किशन ने एक जोरदार शॉट लगाया. गेंद तेजी से बाउंड्री की ओर गई. उसी ओर वैभव सूर्यवंशी भी खड़े थे, जो गेंद का पीछा करने के लिए तेजी से भागे. इसी दौरान वैभव सूर्यवंशी की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया, जिसकी वजह से वो दौड़ते हुए रुक गए और जमीन पर गिर गए.
लंगड़ाते हुए मैदान से गए बाहर
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) को दर्द में देखते ही राजस्थान रॉयल्स के फिजियो तुरंत मैदान पर आए. वहां पर थोड़ी देर तक वैभव सूर्यवंशी का इलाज करने के बाद सपोर्ट स्टाफ की मदद से उन्हें मैदान से बाहर ले जाना पड़ा. इस दौरान वह लंगड़ाते हुए दिखाई दिए, जिससे साफ पता चल रहा था कि वह काफी दर्द में थे. दरअसल, इस मैच में राजस्थान रॉयल्स पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी. राजस्थान के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद 36 गेंदों पर ही अपना शतक पूरा कर लिया. इसके चलते वैभव सूर्यवंशी थोड़े थके हुए थे.
RR के कोच ने दिया अपडेट
राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ ने वैभव सूर्यवंशी की चोट को लेकर अपडेट दिया. कोच ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी को हैमस्ट्रिंग में कुछ दर्द महसूस हो रहा था, लेकिन अब वह ठीक लग रहे हैं. उनका इलाज हो चुका है, जिसके बाद वो ठीक दिख रहे हैं. कोच ने आगे कहा कि 1-2 दिन में पता चल जाएगा. फिलहाल यह कोई गंभीर बात नहीं लग रही है. बता दें अगर वैभव सूर्यवंशी की चोट गंभीर होती है, तो यह राजस्थान रॉयल्स के लिए बड़ा झटका होगा. उम्मीद है कि वैभव सूर्यवंशी जल्दी ही फिट हो जाएंगे और मैदान पर वापसी करेंगे.
🚨 RR BATTING COACH VIKRAM RATHORE SAID ABOUT VAIBHAV SURYAVANSHI’s INJURY 🚨
Vikram Rathore said 🗣️,
”He was feeling something in his hamstring but now he’s looking okay. They’ve treated him, so he’s looking fine. We’ll know in a day or so but doesn’t look like anything… pic.twitter.com/8kI2QAjABS
— Cricket Central (@CricketCentrl) April 26, 2026
वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्ड पारी
बाएं हाथ के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार शतक लगाया. इसी के साथ सूर्यवंशी ने आईपीएल में इतिहास रच दिया है. वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 36 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. यह आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक है. पिछले सीजन ही वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक लगाया था. उस साल वैभव ने सिर्फ 35 गेंदों पर ही अपना शतक पूरा कर लिया था. अब वैभव सूर्यवंशी किसी अनकैप्ड प्लेयर द्वारा आईपीएल में 2 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं.