पूर्व आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी का मानना है कि राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट का सबसे बड़ा चेहरा बनेंगे. आईपीएल के जनक माने जाने वाले ललित मोदी ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार वैभव को बल्लेबाजी करते देखा, तो उन्हें अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हुआ. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन के साथ द ओवरलैप क्रिकेट शो में बातचीत के दौरान मोदी ने कहा कि उन्हें यकीन ही नहीं हुआ कि यह लड़का सिर्फ 14 साल का है.
ललित मोदी ने कहा, “मैं आपको बता सकता हूं कि यह लड़का भविष्य में भारतीय क्रिकेट का चेहरा बनेगा. उसके चेहरे पर जो आत्मविश्वास है, वह कमाल का है. वह सिर्फ 14 साल का है. मेरा बेटा भी 14 साल का है और जब मैंने इस बच्चे को बल्लेबाजी करते देखा तो मुझे यकीन नहीं हुआ. मैंने सोचा, ‘यह संभव ही नहीं है. यह लड़का 14 साल का कैसे हो सकता है?’”
हालांकि ललित मोदी ने यह नहीं बताया कि वह किस मैच की बात कर रहे थे, लेकिन माना जा रहा है कि वह आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की बात कर रहे थे. मोदी ने आगे कहा कि उन्होंने वैभव की उम्र जानने के लिए इंटरनेट पर खोज की और लोगों को फोन भी किया, क्योंकि उन्हें बहुत हैरानी हुई थी. उन्होंने कहा, “मैं बार-बार पूछ रहा था कि क्या यह सच है या कोई मजाक कर रहा है. लेकिन हर बार जब मैंने उसे खेलते देखा, उसने सबको पीछे छोड़ दिया.”
माइकल वॉन ने हालांकि चिंता जताई कि आईपीएल में सफलता मिलने के बाद वैभव सूर्यवंशी इतनी कम उम्र में पैसा और शोहरत कैसे संभाल पाएंगे. इस पर ललित मोदी ने माना कि यह वह चीज है, जिस पर आईपीएल को अब काम करने की जरूरत है, ताकि युवा खिलाड़ियों का सही तरीके से ध्यान रखा जा सके. उन्होंने कहा कि आईपीएल ने कई खिलाड़ियों को महंगी घड़ियों, लग्जरी कारों और शोहरत का दीवाना बना दिया है.