Banda River Tragedy: उत्तर प्रदेश के बांदा में दीपावली के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. नदी में नहाने गए तीन भाइयों के साथ ऐसा हादसा हुआ कि परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनका मौसेरा भाई अब भी लापता है. पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं. पूरा मामला बांदा जिले के कालिंजर थाना क्षेत्र के नौगवां गांव का है. यहां रविवार को दीपावली के दिन ऋषभ अपने छोटे भाई अंश और मौसेरे भाई आयुष के साथ गांव के पास स्थित बागे नदी के सीमन घाट पर नहाने गया था. तीनों खुशी-खुशी नदी में नहाने पहुंचे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में यह दिन परिवार के लिए जिंदगी का सबसे दुखद दिन बन जाएगा.
बड़े भाई को बचाने कूदे छोटे भाई
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान अचानक ऋषभ नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. भाई को मुसीबत में देखकर अंश उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा. इसके बाद मौसेरे भाई आयुष ने भी दोनों को बचाने की कोशिश की और वह भी गहरे पानी में चला गया. देखते ही देखते तीनों युवक नदी में डूब गए.
दिनांक 08.11.26 को थाना कालिंजर क्षेत्र की बागेंन नदी में नहाते समय तीन युवक डूब गए। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दो युवकों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिए हैं,जबकि तीसरे युवक की तलाश जारी है। अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है। वीडियो बाइट #CO_CITY सौरभ सिंह https://t.co/xwB6Uz9jAQ
— Banda Police (@bandapolice) November 8, 2026
मंदिर के पुजारी ने देखा हादसा
नदी के पास स्थित एक मंदिर में पुजारी पूजा कर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर नदी में डूब रहे युवकों पर पड़ी. उन्होंने तुरंत गांव के लोगों को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की खबर दी. इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने नदी में तीनों युवकों की तलाश शुरू कर दी. काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद ऋषभ और अंश को नदी से बाहर निकाला गया. दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें: Diwali Accident: दिल्ली में दिवाली की रात दर्दनाक हादसा, 10 साल के बच्चे के पेट में लगा रॉकेट; मौत से पसरा मातम
दो भाइयों की मौत तीसरे की तलाश जारी
इस हादसे में दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं, मौसेरे भाई आयुष का अब तक कोई पता नहीं चल सका है. पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद कालिंजर पुलिस मौके पर पहुंची. सीओ सौरभ सिंह ने बताया कि नौगवां गांव के पास बागे नदी में तीन युवकों के डूबने की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो युवकों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि तीसरे युवक की तलाश की जा रही है. दीपावली जैसे खुशियों के त्योहार पर हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है. जिस घर में त्योहार की तैयारियां हो रही थीं, वहां अब अपनों को खोने का दर्द पसरा हुआ है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली के नजफगढ़ में फैक्ट्री में भीषण आग, आसमान में छाया धुएं का गुबार; 25 दमकल गाड़ियां मौके पर