Who is Sohail Tanvir: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन में पर्पल कैप की रेस में उलटफेर जारी है. चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज इस रेस में सबसे आगे हैं, जिन्होंने 7 मैचों में 14 विकेट चटकाए हैं. उनके नीचे ईशान मलिंगा, जोफ्रा आर्चर और प्रिंस यादव भी हैं. अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है कि सीजन के अंत तक पर्पल कैप किसके सिर पर सजी होगी. दरअसल, आईपीएल में हर साल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को पर्पल कैप दी जाती है. पिछले सीजन में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने पर्पल जीता था, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी भारत की इस घरेलू लीग में सबसे पहला पर्पल कैप किसी भारतीय खिलाड़ी ने नहीं, बल्कि एक पाकिस्तान खिलाड़ी ने जीता था.
जी हां, आपको बता दें कि IPL के पहले सीजन में पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर ने राजस्थान रॉयल्स (RR) की ओर से खेलते हुए पर्पल कैप जीता था. इस पाकिस्तानी गेंदबाज ने उस सीजन में 11 मैचों में ही 22 विकेट चटकाए थे, जिसके लिए उन्हें पर्पल कैप दिया गया था. उसी सीजन राजस्थान रॉयल्स ने पहली बार आईपीएल की ट्रॉफी भी उठाई थी. राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) को चैंपियन बनाने में सोहेल तनवीर का अहम रोल था. ऐसे में आइए जानते हैं कौन है ये पाकिस्तानी गेंदबाज…
कौन हैं पाकिस्तानी गेंदबाज सोहेल तनवीर?
41 वर्षीय पूर्व तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर पाकिस्तान के रहने वाले हैं. उन्होंने साल 2008 में राजस्थान रॉयल्स को पहली बार IPL का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. हालांकि उसके बाद से पाकिस्तानी खिलाड़ियों को IPL में खेलने का मौका नहीं मिला. दरअसल, आईपीएल के पहले सीजन के बाद ही बीसीसीआई ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने पर बैन लगा दिया. इसके चलते सोहेल तनवीर फिर कभी आईपीएल में नहीं खेल पाए.
सोहेल तनवीर ने IPL में सिर्फ 11 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 6.46 की इकॉनमी से 22 विकेट चटकाए. सोहेल तनवीर ने पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट भी खेला है. उन्होंने पाकिस्तान की ओर से 2 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 5 विकेट दर्ज हैं. इसके अलावा सोहेल तनवीर ने 62 वनडे मैचों में 71 विकेट हासिल किए हैं. वहीं, टी20 इंटरनेशनल में तनवीर ने 57 मैचों में 54 विकेट चटकाए हैं.
अजीबोगरीब एक्शन से करते थे गेंदबाजी
सोहेल तनवीर अपने अजीबोगरीब गेंदबाजी एक्शन के लिए जाने जाते थे. वह गेंद डालते समय अपने गलत पैर पर लैंड करते थे, जिससे बल्लेबाजों के लिए गेंद की दिशा और गति को पढ़ पानी काफी ज्यादा मुश्किल हो जाता था. वह बाएं हाथ के एंगल से नई गेंद को अंदर लेकर आते थे, जबकि पुरानी गेंद से खतरनाक यॉर्कर डालते थे.
2023 में लिया रिटायरमेंट
पाकिस्तानी गेंदबाज ने आईपीएल में अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से सभी का दिल जीत लिया था. इसके अलावा इंटरनेशनल में भी पाकिस्तान के लिए शानदार प्रदर्शन किया. मार्च 2023 में पाकिस्तानी क्रिकेटर सोहेल तनवीर ने 38 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का एलान किया था. हालांकि उन्होंने फ्रेंचाइजी और घरेलू क्रिकेट में खेलना जारी रखा था. पिछले साल दिसंबर में सोहेल तनवीर नेपाल प्रीमियर लीग (NPL) में खेलते नजर आए थे.