IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं. हर साल की तरह IPL 2026 में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिल रहा है. अभी तक इस सीजन में 550 से ज्यादा छक्के लग चुके हैं, जबकि 1,000 चौक आए हैं. हर टीम के लगभग सभी गेंदबाजों की खूब पिटाई हुई है. भारत के स्टार गेंदबाजों जैसे जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी से लेकर विदेशी स्टार्स जैसे जोफ्रा आर्चर, ट्रेंट बोल्ट और लुंगी एनगिडी जैसे गेंदबाज भी बल्लेबाजों से नहीं बच पाए हैं. इन सभी गेंदबाजों को किसी ने किसी बल्लेबाज ने इस सीजन में छक्का लगाया है. हालांकि एक ऐसा नया गेंदबाज भी है, जिसे अभी तक मौजूदा सीजन में कोई भी बल्लेबाज छक्का नहीं लगा पाया है. हम बात कर रहे हैं सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन की. जानें उनके बारे में…
कौन हैं साकिब हुसैन?
सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन बिहार के गोपालगंज के रहने वाले हैं. 22 साल के साकिब हुसैन ने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल डेब्यू किया. उस मुकाबले में साकिब हुसैन ने 4 ओवर में 4 विकेट चटकाए. साकिब हुसैन अभी तक 3 मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें 7.08 की इकॉनमी से 6 विकेट हासिल किए हैं. खास बात यह है कि इन तीनों मैचों में साकिब हुसैन ने भी एक भी छक्का नहीं खाया है. इससे पता चलता है कि साकिब हुसैन कितने अनुशासित और काबिल गेंदबाज हैं.
साकिब हुसैन की कहानी
SRH के स्टार गेंदबाज साकिब हुसैन ने आईपीएल के मंच तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है. इस सफर में साकिब को कई बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है. हाल ही में साकिब हुसैन की एक पुरानी वीडियो सामने आई थी, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी. इस वीडियो में साकिब कहते हैं कि 10-15 हजार का स्पाइक आता है, तो पहले कहां से ले पाता. फिर वह आगे कहते हैं, ‘मेरे पिता किसान हैं, और उनके पैर में चोट है. मैं आर्मी में जाना चाहता हूं.’ वीडियो में साकिब हुसैन आगे कहते हैं, ‘मैं टेनिस बॉल क्रिकेट खेलता था, उससे पैसे कमाता था.’ इसके बाद साकिब की मां आगे बताती हैं कि उन्होंने अपने जेवर बेचकर उनके लिए स्पाइक्स खरीदे थे.
साकिब की मेहनत लाई रंग
IPL 2024 के ऑक्शन में साकिब हुसैन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने साइन किया था. हालांकि उन्हें केकेआर में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. इसके बाद IPL 2026 के ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने साकिब हुसैन को 30 लाख रुपये में खरीदा. 13 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ साकिब हुसैन ने डेब्यू किया, जिसमें 6 की इकॉनमी से 4 विकेट चटकाए. उन्होंने यशस्वी जायसवाल, डोनोवन फरेरा, जोफ्रा आर्चर और रवि बिश्नोई का विकेट लिया था.