Jharkhand Crime: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 40 वर्षीय गुरुवारी हांसदा का शव उसी घर के फर्श के नीचे दफन मिला, जहां वह अपने परिवार के साथ रहती थीं. मां के चार दिन से लापता होने पर उनकी शादीशुदा बेटियां मायके पहुंचीं. घर की दीवारों पर खून के धब्बे देखकर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में फर्श की खुदाई कराई. इस दौरान जमीन के नीचे से गुरुवारी का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है.
चार दिन से लापता थीं गुरुवारी हांसदा
यह मामला पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्राशाली थाना क्षेत्र के तुंगी गांव का है. मृतका की पहचान 40 वर्षीय गुरुवारी हांसदा के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, वह पिछले चार दिनों से लापता थीं. उनके कहीं दिखाई नहीं देने पर आसपास के लोगों को भी चिंता होने लगी. इसके बाद पड़ोसियों ने गुरुवारी की शादीशुदा बेटियों को फोन कर उनकी मां के लापता होने की जानकारी दी.
मायके पहुंचीं बेटियों को दीवारों पर दिखे खून के धब्बे
मां की कोई खबर नहीं मिलने पर बेटियां मायके पहुंचीं. घर के अंदर पहुंचने पर उनकी नजर दीवारों पर मौजूद खून के धब्बों पर पड़ी. यह देखकर उन्हें किसी अनहोनी का शक हुआ. उन्होंने बिना देर किए पुलिस को इसकी सूचना दी. बेटियों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.
घर के फर्श की खुदाई में मिला शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तुंगी गांव पहुंची और घर की तलाशी ली. शुरुआती जांच के दौरान घर के भीतर ही शव दफन किए जाने की आशंका सामने आई. इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के फर्श की खुदाई कराई गई. खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से गुरुवारी हांसदा का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ. जिस मां की तलाश में बेटियां मायके पहुंची थीं, उसका शव घर के भीतर ही मिलने से गांव में हड़कंप मच गया.
पति हिरासत में, घरेलू विवाद की आशंका
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है. मामले में मृतका के पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. शुरुआती तौर पर घरेलू विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही गुरुवारी हांसदा की मौत की परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी. फिलहाल जांच के केंद्र में यही सवाल हैं कि उनकी मौत कैसे हुई और शव को घर के फर्श के नीचे क्यों दफनाया गया.