Kanpur commotion of transgenders: कानपुर के आलियापुर टोल प्लाजा के पास कथित अवैध वसूली का विरोध करने पर भदोही के युवक से मारपीट और कार में तोड़फोड़ का आरोप है. मदद के लिए पहुंची डायल 112 की पीआरवी टीम के साथ भी अभद्रता की गई और सिपाही सोनू यादव की वर्दी फाड़ दी गई. सिपाही ने घंटों मदद नहीं मिलने की शिकायत डायल 112 के ग्रुप में साझा की. बाद में उसकी तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई.
किन्नरों की टोली ने टोल पर मचाया बवाल
Kanpur commotion of transgenders: कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र स्थित आलियापुर टोल प्लाजा के पास 26 अक्तूबर की रात कथित अवैध वसूली का विरोध करने पर भदोही के एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि किन्नरों की टोली ने युवक के साथ गालीगलौज और अभद्रता की. विरोध करने पर उसे कार से खींचकर पीटा गया और वाहन में तोड़फोड़ की गई. युवक की मदद के लिए पहुंची डायल 112 की पीआरवी टीम के साथ भी मारपीट की गई. इस दौरान सिपाही सोनू यादव की वर्दी फाड़ दी गई. भदोही के बंजारी गांव निवासी अंकित सिंह ने तहरीर में बताया कि वह 26 अक्तूबर की रात कार से हमीरपुर के कुदौरा से घाटमपुर जा रहे थे. आलियापुर टोल प्लाजा के पास कुछ किन्नरों ने उनकी कार रोककर रुपये मांगे. इनकार करने पर गालीगलौज और मारपीट की गई. परिवार के साथ असुरक्षित महसूस करने पर अंकित ने डायल 112 पर फोन किया.
पीआरवी में तैनात सिपाही सोनू यादव के मुताबिक, रात 9:42 बजे इवेंट संख्या 29317 पर सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची. आरोप है कि युवक को बचाने की कोशिश करने पर किन्नरों ने पुलिसकर्मियों से भी गालीगलौज और मारपीट की. सिपाही की वर्दी फाड़ दी गई और पीआरवी का गेट खोलकर पुलिसकर्मियों को खींचने का प्रयास किया गया. आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी फोन कर बुला लिया.
सोनू ने बताया कि उसने सजेती थाना प्रभारी और हल्का इंचार्ज को तत्काल सूचना दी. उनके निर्देश पर पीड़ित से प्रार्थना पत्र भी दिलवाया गया, लेकिन उसके मुताबिक काफी देर तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. उसने पीआरवी प्रभारी को भी व्हाट्सएप पर घटना की जानकारी दी, लेकिन वहां से जवाब नहीं मिला और बैकअप के लिए कोई नहीं पहुंचा. आरोप है कि हंगामा कर रहे लोग पीआरवी पर चढ़ रहे थे और वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने की कोशिश कर रहे थे.
27 और 28 अक्तूबर को सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए सिपाही ने डायल 112 के ग्रुप में अपनी पीड़ा साझा की. उसने लिखा कि पुलिसकर्मी रात-बिरात लोगों की मदद के लिए निकलते हैं, लेकिन मुश्किल में खुद उन्हें अधिकारियों का साथ न मिले तो मनोबल टूटता है. उसने बिकरू कांड का भी जिक्र किया, जहां 2-3 जुलाई 2020 की रात विकास दुबे और उसके साथियों के हमले में आठ पुलिसकर्मियों की जान गई थी. शुरुआत में डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने कहा था कि उन्हें सिपाही की शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वह जांच कराएंगे. बाद में एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव के मुताबिक, सिपाही की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
Azam Khan Into ED Custody: जमानत मिलने के बाद रामपुर जेल से रिहा होते ही…
Shraddha kapoor eetha film: श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईठा’ को लेकर निर्देशक लक्ष्मण उतेकर…
Bhopal fraud case: भोपाल के साकेत नगर में तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर एक…
Who is Nidhi Razdan: उमर अब्दुल्ला और पत्रकार निधि राजदान की शादी की खबर चर्चा…
Bhopal husband wife suicide: भोपाल के बरखेड़ा बोंदर गांव में करवा चौथ की रात पति…
UP IAS Transfer: योगी सरकार ने 15 आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया है.…