Puri Hotel dispute: पुरी के एक होटल में खाने और बिल को लेकर पर्यटकों और कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. इस घटना में गर्भवती महिला समेत कई लोग घायल हुए. पर्यटकों ने शटर गिराकर पीटने का गंभीर आरोप लगाया है, लेकिन जब पुलिस ने होटल का CCTV फुटेज खंगाला, तो पूरी कहानी में एक ऐसा मोड़ आया जिसने सभी को चौंका दिया...
ओडिशा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पुरी में खाने की गुणवत्ता और बिल को लेकर हुआ मामूली विवाद मारपीट में तब्दील हो गया. मैसूरु से आए पर्यटकों और एक स्थानीय होटल के कर्मचारियों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में एक गर्भवती महिला सहित कई लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद ‘सी बीच’ पुलिस स्टेशन ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर दो अलग-अलग FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, कर्नाटक के मैसूरु से 13 पर्यटकों का एक दल पुरी घूमने आया हुआ था. समुद्र तट पर समय बिताने के बाद सभी पर्यटक रात में एक होटल में खाना खाने पहुंचे. खाना खाते समय एक प्लेट में बाल निकलने पर पर्यटकों ने नाराजगी जताई और स्टाफ से खाना बदलने का अनुरोध किया. आरोप है कि खाना बदलने और अतिरिक्त चार्ज को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से हाथ-पाई होने लगी.
पर्यटकों का आरोप है कि बहस बढ़ने पर होटल कर्मचारियों ने शटर गिरा दिया और पूरे ग्रुप को अंदर बंद करके लाठी-डंडों से पीटा. इस हमले में पर्यटक भारत चंद्र और उनकी 7 महीने की गर्भवती पत्नी सुष्मिता आर. (23) को गंभीर चोटें आईं. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को तुरंत जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.
मामले की जांच कर रही पुलिस को होटल के CCTV फुटेज मिले हैं. शुरुआती जांच के मुताबिक, फुटेज में पहले पर्यटकों की तरफ से होटल स्टाफ पर हमला करते हुए देखा जा रहा है. पुलिस का कहना है कि फुटेज के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि हिंसा की शुरुआत किसने की थी.
पुरी के पुलिस अधीक्षक (SP) प्रतीक सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में ‘लैंग्वेज बैरियर’ (भाषा की समस्या) भी विवाद की एक बड़ी वजह सामने आई है. कन्नड़ और उड़िया भाषा के कारण दोनों पक्ष एक-दूसरे की बात सही से समझ नहीं पाए और गलतफहमी बढ़ती चली गई.
एसपी प्रतीक सिंह ने कहा, ‘पर्यटकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस केस दर्ज कर लिए गए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों, CCTV फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”
फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और इलाके में पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने की बात कह रही है.
Lal Krishna Advani Health News: लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद…
Gujarat Garba: गुजरात में नवरात्र के दौरान गरबा और डांडिया खेलने से पहले IV ड्रिप…
Barnala murder case: पंजाब के बरनाला में चन्ननवाल गांव के पास खेत में चारा काट…
Bihar Crime News: बिहार के रोहतास जिले में पत्नी की हत्या करने वाले पति को…
India vs New Zealand: न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की वनडे टीम का ऐलान कर…
MP Murder: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में हुई करम सिंह हत्या मामले में कोर्ट…