Ambedkar University Delhi Launches 5 New Courses: डॉ. बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली (AUD) वर्ष 2026–27 के एकेडमिक सेशन के लिए पांच नए कोर्स शुरू करने जा रहा है. इसके साथ ही पोस्ट ग्रेजुएट करिकुलम फ्रेमवर्क (PGCF) के तहत 7 विषयों में एक साल के पोस्टग्रेजुएट (PG) कोर्स भी लाने जा रहा है.
कश्मीरी गेट कैंपस में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अधिकारियों की ओर से यह जानकारी दी गई कि आने वाला एडमिशन साइकिल यूनिवर्सिटी के एकेडमिक कोर्स में एक बड़ा विस्तार होगा. अधिकारियों ने कहा कि इस सेशन से नए पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम जैसे क्रिएटिव राइटिंग में MA और परफॉर्मिंग आर्ट्स (थिएटर आर्ट्स) में MA के साथ ही अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम जैसे म्यूज़ियोलॉजी, कल्चर और हेरिटेज मैनेजमेंट में BA—जो यूनिवर्सिटी स्तर पर ये कोर्स शुरू किए जा रहे हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, BA विज़ुअल आर्ट्स और BSc मैथमेटिक्स भी शुरू किए जा रहे हैं. BSc मैथमेटिक्स प्रोग्राम को BA (Hons) मैथमेटिक्स से नया रूप दिया गया है. इसमें डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में एक माइनर भी शामिल होगा. अधिकारियों ने बताया कि यह यूनिवर्सिटी देश की उन पहली यूनिवर्सिटीज़ में से एक है जिसने NEP 2020 के तहत मनोविज्ञान, अंग्रेज़ी, हिंदी, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, इतिहास और राजनीति विज्ञान जैसे विषयों में एक साल के पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम शुरू किए हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
किसी भी यूनिवर्सिटी से चार साल के BA प्रोग्राम करने वाले ग्रेजुएट CUET-PG स्कोर के आधार पर अप्लाई कर सकते हैं. एडमिशन प्रक्रिया से जुड़े एक यूनिवर्सिटी अधिकारी ने बताया कि PG एडमिशन अगले हफ़्ते शुरू होने की उम्मीद है, हालांकि तारीखें अभी घोषित नहीं की गई हैं. उधर, अधिकारियों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को जानकारी दी कि हम एक ऐसे मॉडल पर विचार कर रहे हैं जिसमें दो साल और एक साल, दोनों तरह के PG प्रोग्राम के एडमिशन एक साथ चलें. अधिकारियों का कहना है कि एक साल वाले फ़ॉर्मेट का पहला साल है, इसलिए इस प्रक्रिया से हमें एप्लीकेशन के रुझानों को समझने में भी मदद मिलेगी.
आसान होगी दाखिला प्रक्रिया
प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए उम्मीदवार एक ही रजिस्ट्रेशन फ़ीस देकर कई प्रोग्राम के लिए अप्लाई कर सकेंगे. आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को इसमें छूट भी मिलेगी. वित्तीय सहायता यूनिवर्सिटी की सहायता प्रणाली का एक अहम हिस्सा है. SC, ST और PwBD श्रेणियों के छात्रों को फ़ीस में 100% छूट दी जाती है. आर्थिक रूप से कमज़ोर छात्रों को भी अलग-अलग स्तर पर फ़ीस में छूट मिलती है.
उधर, इस बारे में वाइस-चांसलर अनु सिंह लाठर ने बताया कि यूनिवर्सिटी का एकेडमिक ढांचा शैक्षिक नवाचार में उसकी लंबे समय से चली आ रही नेतृत्व की भूमिका को दर्शाता है. उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के मुख्य तत्वों जैसे निरंतर मूल्यांकन, अंतर्विषयक शिक्षण और लचीला पाठ्यक्रम को देश भर में लागू होने से काफ़ी पहले ही अपना लिया था.
2026–27 के एकेडमिक सत्र के लिए यूनिवर्सिटी 78 अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट और डॉक्टोरल प्रोग्राम में 3,000 से ज़्यादा सीटें उपलब्ध कराएगी. एडमिशन CUET-UG, CUET-PG और NCET के ज़रिए होंगे और एप्लीकेशन यूनिवर्सिटी के एडमिशन पोर्टल के माध्यम से जमा किए जाएंगे.