Vadodara Missing Parrot: गुजरात के वडोदरा में एक पालतू तोते के लापता होने का मामला चर्चा में है. अपने प्यारे तोते को वापस पाने के लिए उसकी मालकिन जेसिका पारेख ने 1 लाख रुपये के इनाम का ऐलान किया है. लेकिन जेसिका के पास कई ऐसे फोन आ रहे हैं, जिनमें लोग उन्हें दूसरा तोता खरीदने का ऑफर दे रहे हैं. हालांकि, जेसिका का कहना है कि उन्हें कोई दूसरा पक्षी नहीं चाहिए, उन्हें सिर्फ अपना ‘बच्चा’ वापस चाहिए.
घर से अचानक उड़ गया 6 महीने का तोता
जेसिका का लाडला तोता लड्डू 6 महीने का कॉन्गो अफ्रीकन ग्रे पैरट है. शनिवार शाम वडोदरा के सेवासी इलाके में स्थित उनके घर से वह अचानक उड़ गया. जेसिका पहले लड्डू को पिंजरे में खाना खिला रही थीं. इसी दौरान शाम करीब 7 बजकर 24 मिनट पर डिलीवरी करने वाला एक व्यक्ति पार्सल लेकर पहुंचा. जेसिका पार्सल लेने के लिए कुछ देर बाहर गईं. इसी बीच लड्डू ने पिंजरे की कुंडी खोल दी और घर के मुख्य दरवाजे से उड़कर बाहर चला गया.
तोते को ढूंढने के लिए हर जगह कर रहीं तलाश
लड्डू के गायब होने के बाद से जेसिका और उनका परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा है. जेसिका पहले स्कूल टीचर रह चुकी हैं. उन्होंने पड़ोसियों, वन विभाग और पक्षियों को बचाने वाली टीमों से भी मदद मांगी है. इसके अलावा उन्होंने सोशल मीडिया पर भी लड्डू की तस्वीरें शेयर कर लोगों से उसे ढूंढने की अपील की है. जेसिका के मुताबिक, अब लड्डू को गायब हुए चार दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चला है. उन्होंने बताया कि कई पक्षी प्रेमियों ने उन्हें फोन करके हिम्मत दी है. कुछ लोगों ने बताया कि उनके तोते भी 8 से 10 दिन बाद वापस लौट आए थे. वन विभाग ने भी भरोसा दिया है कि अगर लड्डू कहीं दिखाई देता है, तो उसे पकड़ने में मदद की जाएगी.
1 लाख का इनाम सुनकर आने लगे अजीब फोन
जेसिका ने लड्डू को ढूंढकर वापस लाने वाले व्यक्ति को 1 लाख रुपये देने का ऐलान किया है. इसके लिए उन्होंने एक पोस्टर भी जारी किया है. पोस्टर में लड्डू की तस्वीर लगाई गई है और उसे परिवार का अनमोल सदस्य बताया गया है. इनाम की खबर फैलने के बाद जेसिका के पास कई फोन आने लगे. कुछ लोगों ने तोते की जानकारी होने का दावा किया, जबकि कुछ लोग उन्हें दूसरा ग्रे पैरट बेचने का ऑफर देने लगे. कुछ लोगों ने इनाम पाने के लिए ग्रे तोते की तस्वीर के साथ QR कोड भी भेजा. इस पर जेसिका ने उनसे तोते का वीडियो भेजने को कहा, ताकि वह उसकी सही पहचान कर सकें.
‘मुझे कोई दूसरा तोता नहीं चाहिए’
जेसिका ने बताया कि वह एक लाइसेंस प्राप्त पालतू पक्षी की मालकिन हैं और लड्डू के पैर में एक खास रिंग लगी हुई है. इससे वह अपने तोते की पहचान कर सकती हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं कोई सौदा करने की तलाश में नहीं हूं. मुझे सिर्फ अपना बच्चा वापस चाहिए.’ जेसिका लड्डू को इसी साल मुंबई से लेकर आई थीं. उनके लिए वह सिर्फ एक पालतू पक्षी नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा है.
ये भी पढ़ें: राम जी के पांच बाप थे… धीरेंद्र शास्त्री के नए बयान पर भड़के अखिलेश यादव, सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग
घर में पिंजरे में कैद नहीं रखते थे लड्डू
जेसिका ने बताया कि वह लड्डू को हमेशा पिंजरे में बंद करके नहीं रखती थीं. घर में उसे खुला घूमने की पूरी आजादी थी. अगर वह घर का कुछ सामान तोड़ देता या गंदगी फैला देता, तब भी परिवार को कोई परेशानी नहीं होती थी. अब परिवार की पूरी उम्मीद इस बात पर टिकी है कि कोई व्यक्ति लड्डू को देखकर पहचान ले और उसकी जानकारी जेसिका तक पहुंचा दे. परिवार चाहता है कि उनका प्यारा लड्डू जल्द से जल्द घर वापस लौट आए.
ये भी पढ़ें: कुकर की ढक्कन से पीटा, फिर चाकू से पेट फाड़ा; ज्यादा फोन चलाने को लेकर टोकने पर पिता की हत्या