Railway Track Blast : राजस्थान के श्रीगंगानगर से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर जोरदार धमाके की घटना हुई है. यह घटना 50 GB गांव के पास की बताई जा रही है. धमाके के कारण रेलवे ट्रैक को सहारा देने वाले सीमेंट के दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक (SP) हरिशंकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. मौके पर रेलवे के अधिकारी भी मौजूद हैं.
ट्रेन गुजरने के कुछ देर बाद हुआ धमाका
मिली जानकारी के मुताबिक, अनूपगढ़-सूरतगढ़ ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक के पास जोरदार धमाका हुआ. इसकी वजह से पटरी को सहारा देने वाले सीमेंट के दो खंभे टूट गए. बताया जा रहा है कि अगर यह घटना ट्रेन के गुजरने से पहले होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. हालांकि, ट्रेन सुरक्षित निकल गई. घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.
फोरेंसिक टीम कर रही जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हरिशंकर खुद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया. फिलहाल दोनों टीमें रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाके की जांच कर रही हैं. मौके से सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि घटना की असली वजह का पता लगाया जा सके.
राजस्थान – श्रीगंगानगर जिल में अनूपगढ़ कस्बे के पास कल रात रेल पटरी पर ब्लास्ट हुआ। पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर टूट गए। पटरी के नीचे गड्ढा बन गया। ATS, IB सहित तमाम एजेंसियां जांच के लिए पहुंची हैं। सुरक्षा के लिहाज से कई ट्रेनों का संचालन रद किया गया। https://t.co/1h9iXCxRtX
— Sachin Gupta (@Sachingupta) November 4, 2026
7.5 किलो RDX मिलने के बाद बढ़ी चर्चा
गौरतलब है कि पाकिस्तान सीमा से सटे श्रीगंगानगर के सीमावर्ती इलाके में हाल ही में 7.5 किलो RDX बरामद किया गया था. इसके बाद रेलवे ट्रैक पर हुई इस घटना को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, एसपी हरिशंकर ने साफ कहा है कि रेलवे ट्रैक पर हुई घटना का RDX बरामदगी से कोई संबंध नहीं है. दोनों मामलों को जोड़ना अभी सही नहीं होगा. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी.
ये भी पढ़ें: कुकर की ढक्कन से पीटा, फिर चाकू से पेट फाड़ा; ज्यादा फोन चलाने को लेकर टोकने पर पिता की हत्या
SP बोले- जांच के बाद ही पता चलेगी धमाके की सच्चाई
श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने बताया कि उन्होंने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया है. रेलवे के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं. फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता जांच कर रहे हैं और जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं. एसपी ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह वास्तव में धमाका था या कोई दूसरी घटना. सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी. फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: कौन हैं ACP मनस्वी वशिष्ठ? जिन्हें किया गया सस्पेंड; जानें क्या है पूरा मामला