Amitabh Bachchan on Retirement: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन 83 साल की उम्र में भी लगातार काम कर रहे हैं. हाल ही में उनके एक ब्लॉग पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिटायरमेंट की खबरें तेजी से फैलने लगी थीं. अब बिग बी ने खुद इन खबरों पर सफाई देते हुए बताया है कि उनका काम से रिटायर होने का कोई इरादा नहीं है.
रिटायरमेंट पर अमिताभ ने क्या कहा?
अमिताभ बच्चन ने अपनी रिटायरमेंट से जुड़ी खबर को री-शेयर करते हुए साफ किया कि वह काम छोड़ने की बात नहीं कर रहे थे. उन्होंने लिखा, ‘जी नहीं हुजूर… मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा हूं.’ अमिताभ ने बताया कि उनके ब्लॉग में इस्तेमाल किए गए ‘रिटायर’ शब्द का मतलब काम छोड़ना नहीं, बल्कि सोने जाना था. उन्होंने कहा कि उन्होंने लिखा था, ‘काफी देर हो चुकी है, अब रिटायर होने का वक्त आ गया है.’ उनके मुताबिक, इस बात का मतलब देर होने पर सोने के लिए जाना था.
ऐसे शुरू हुई रिटायरमेंट की चर्चा
दरअसल, कुछ दिन पहले अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ से जुड़े अपने अनुभव साझा किए थे. उन्होंने बताया था कि शो में कंटेस्टेंट्स की भावुक और दर्दभरी कहानियां सुनना उनके लिए काफी मुश्किल होता है. उन्होंने लिखा था कि ‘यह उनके लिए दिल तोड़ने वाला अनुभव रहा है. इसके बाद उन्होंने लिखा, “अब मैं रिटायर होना चाहता हूं… काफी देर हो चुकी है.. रात बुला रही है.’ उनकी इसी बात को कई लोगों ने काम से रिटायरमेंट का संकेत समझ लिया. इसके बाद अमिताभ बच्चन के रिटायर होने की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गईं.
ये भी पढ़ें: Saif-Jeh Moment: बाप-बेटे की जोड़ी ने जीता दिल! बप्पा बनाते दिखे सैफ-जेह, करीना की पोस्ट ने जीता लोगों का दिल
फैंस को मिली राहत
रिटायरमेंट की खबरों के बाद बिग बी के फैंस काफी परेशान हो गए थे. अब अमिताभ की सफाई से यह साफ हो गया है कि वह फिलहाल काम से दूरी बनाने की बात नहीं कर रहे हैं. वह लगातार अपने काम में सक्रिय हैं और दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: जब भाईजान करने लगे उल्टी आरती, तो बहन अर्पिता ने…गणपति विसर्जन पर Salman Khan से हुई बड़ी गलती