Mahabharat Bheem Saurav Gurjar Arrested: टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में भीम का किरदार निभाने वाले अभिनेता और पहलवान सौरव गुर्जर मुश्किल में हैं. एक महिला की शिकायत के बाद हैदराबाद की गाचीबोवली पुलिस ने उन्हें मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लिया है. पुलिस ने उन्हें हैदराबाद लाकर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले की जांच अभी जारी है.
कौन है वो महिला?
पुलिस के मुताबिक, 29 साल की महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि सौरव ने शादी का वादा कर उसके साथ लंबे समय तक रिश्ता रखा. महिला का दावा है कि दोनों की मुलाकात 2021 में इंस्टाग्राम पर हुई थी, जिसके बाद व्हाट्सऐप पर बातचीत शुरू हुई. 25 दिसंबर 2021 को दोनों पहली बार मिले थे. शिकायत में महिला ने कहा है कि सौरव ने उसे शादी का भरोसा दिया और अमेरिका में साथ रहने के दौरान उसे नौकरी छोड़ने के लिए भी कहा.
महिला ने क्या आरोप लगाए?
महिला का आरोप है कि सौरव ने साथ में बिजनेस शुरू करने की बात कही थी, जिसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी. बाद में रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा. महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि जब भी वह शादी की बात करती थी, तो सौरव उसका नंबर ब्लॉक कर देते थे और बात करना बंद कर देते थे.
मुंबई एयरपोर्ट से कैसे पकड़े गए?
शिकायत में कहा गया है कि सौरव अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के बीच महिला के साथ हैदराबाद में रहे. बाद में विवाद बढ़ने पर वह बिना बताए चले गए. इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस को सौरव के मुंबई में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्हें एयरपोर्ट से पकड़ा गया.
कौन हैं सौरव गुर्जर?
सौरव गुर्जर को लोग सबसे ज्यादा 2013-14 में आए सीरियल ‘महाभारत’ में भीम के रोल के लिए जानते हैं. वह पेशेवर पहलवान भी हैं और WWE में भी हिस्सा ले चुके हैं. उन्होंने ‘संकटमोचन महाबली हनुमान’ में रावण और बाली का किरदार निभाया था. 2022 में वह फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में भी नजर आए थे. इस साल फरवरी में उन्होंने ‘शिव शक्ति- तप त्याग तांडव’ शो से टीवी पर वापसी की थी. फिलहाल पुलिस सभी आरोपों के सबूत जुटा रही है. सौरव का पक्ष अभी सामने आना बाकी है और आरोपों की सच्चाई कोर्ट में तय होगी.
ये भी पढ़ें: Jab We Met: करीना कपूर नहीं थीं डायरेक्टर की पहली चॉइस, ऐसे मिला था ‘गीत’ का आइकॉनिक रोल