Sagar Hospital Viral Video: सागर के बरगद हॉस्पिटल से एक शर्मनाक मामला सामने आया है. आरोप है कि ICU में भर्ती 16 साल की छात्रा से अस्पताल के वार्ड बॉय ने गलत तरीके से छूआ और उसका फोन नंबर मांगा. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और POCSO एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है. परिजनों के मुताबिक, छात्रा दो दिन पहले अपने माता-पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से सागर आ रही थी. रास्ते में बरोदा के पास उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया. इसमें छात्रा को चोटें आईं. इसके बाद उसे 20 नवंबर को बरगद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. वह ICU में इलाज के लिए बेड पर थी.
सुबह 4:15 बजे हुई घटना
छात्रा ने पुलिस को बताया कि 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे वह बेड पर सो रही थी. तभी वार्ड बॉय राजा बंसल वहां आया. आरोप है कि उसने छात्रा को गलत तरीके से छुआ और कहा कि वह उसे अच्छी लगती है, वह उससे बात करना चाहता है. इसके लिए उसने छात्रा से फोन नंबर भी मांगा. छात्रा ने नंबर देने से मना कर दिया. आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने दोबारा गलत तरीके से छुआ और कुछ देर बाद वहां से चला गया.
ये भी पढ़ें: Watch Video: जीजा का प्यार या रईसी का जलवा? सालों को पहनाई करोड़ों की नोटों वाली माला; मथुरा की शादी हुई वायरल!
CCTV फुटेज में दिखा युवक
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में जैकेट पहने एक युवक छात्रा के बेड के पास झुकता और उसके बगल में खड़ा दिखाई दे रहा है. पुलिस अब इस फुटेज को सबूत के तौर पर जांच रही है. घटना के बाद छात्रा डर गई थी, इसलिए उसने तुरंत किसी को कुछ नहीं बताया. बाद में जब उसकी बुआ की बेटी अस्पताल पहुंची, तो उसने उसे पूरी बात बताई. इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में विरोध किया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. हंगामे के बाद अस्पताल के प्रबंधक हर्ष श्रीवास्तव ने कहा कि मरीज के साथ गलत व्यवहार के आरोप गंभीर हैं. जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. सिविल लाइन थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि छेड़छाड़ और POCSO एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी फिलहाल फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है. मामले की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: Watch Video: पत्नी ने बालों में कराया कलर, तो पति बन बैठा हैवान, चोटी काटने के बाद तेजाब से…