Agra teacher murder: आगरा में गणित के शिक्षक की हत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. आरोप है कि कोचिंग की एक पूर्व छात्रा ने अपने बॉयफ्रेंड निखिल को शिक्षक की ब्लैकमेलिंग के बारे में बताया था. इसके बाद निखिल ने कोचिंग सेंटर पहुंचकर शिक्षक की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने ब्लैकबोर्ड पर ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिख दिया और शिक्षक की स्कूटी व मोबाइल लेकर फरार हो गया. चार दिन बाद कोचिंग के बेसमेंट से शिक्षक का शव बरामद हुआ था. पुलिस ने कॉल डिटेल और मैसेज की जांच के आधार पर पूर्व छात्रा से पूछताछ की और निखिल को पकड़ लिया है.
चार दिन तक बेसमेंट में पड़ा रहा शिक्षक का शव
यह मामला आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-3 स्थित वीएस प्लाजा का है. यहां गणित के शिक्षक और कोचिंग संचालक ओमप्रकाश यादव (50) की हत्या कर दी गई थी. उन्हें 2 नवंबर को आखिरी बार देखा गया था. इसके बाद वह घर नहीं लौटे. परिजनों ने तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. 6 नवंबर को कोचिंग सेंटर से दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बेसमेंट से ओमप्रकाश यादव का शव बरामद किया. उनके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे और शरीर पर भी कई गहरे जख्म मिले थे. शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर नौ चोटों के निशान सामने आए, जिनमें सात धारदार हथियार से किए गए वार के बताए गए.
ब्लैकबोर्ड पर लिखा ‘ओपी यादव रेपिस्ट’, गायब थे मोबाइल और स्कूटी
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने कोचिंग सेंटर के ब्लैकबोर्ड पर मार्कर से ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिख दिया. इसके बाद वह शिक्षक का मोबाइल फोन और स्कूटी लेकर फरार हो गया. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिक्षक का मोबाइल भी गायब है. बाद में आरोपी ने मोबाइल तोड़कर फेंक दिया था, जबकि पुलिस ने शिक्षक की स्कूटी बरामद कर ली है.
कॉल डिटेल से पूर्व छात्रा तक पहुंची पुलिस
हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने ओमप्रकाश यादव की कॉल डिटेल खंगाली. इसमें एक मोबाइल नंबर ऐसा मिला, जिस पर शिक्षक की लगातार बातचीत होती थी. जांच में पता चला कि यह नंबर उनकी पूर्व छात्रा का है. पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया. शुरुआत में छात्रा ने शिक्षक को अच्छा व्यक्ति बताया, लेकिन जब पुलिस ने कॉल डिटेल और मैसेज दिखाए तो वह रोने लगी.
स्नैपचैट से अश्लील फोटो बनाने और ब्लैकमेलिंग का आरोप
पूर्व छात्रा ने पुलिस को बताया कि शिक्षक ने स्नैपचैट के जरिए उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें हासिल कर ली थीं. आरोप है कि वह इन तस्वीरों को दिखाकर उसे ब्लैकमेल करते थे और अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करते थे. छात्रा का कहना था कि शिक्षक मैसेज भेजने के बाद उन्हें डिलीट कर देते थे, ताकि कोई सबूत न बचे. छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह शिक्षक की हरकतों से परेशान थी. इसी दौरान उसकी दोस्ती शाहगंज निवासी निखिल से हुई. उसने निखिल को पूरी बात बताई. इसके बाद निखिल ने शिक्षक को छात्रा से दूर रहने की चेतावनी दी थी.
धमकाने पहुंचा था निखिल, विवाद के बाद कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर को निखिल चाकू लेकर कोचिंग सेंटर पहुंचा था. उसका मकसद शिक्षक को धमकाना था. वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई. आरोप है कि शिक्षक ने उसे डांट दिया, जिसके बाद निखिल ने चाकू से हमला कर दिया. उसने शिक्षक का गला काट दिया और शरीर पर भी कई वार किए. इसके बाद वह स्कूटी लेकर फरार हो गया. पुलिस ने पूर्व छात्रा से पूछताछ के बाद निखिल को पकड़ लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. हालांकि, शिक्षक पर ब्लैकमेलिंग और अश्लील तस्वीरों के जरिए परेशान करने के आरोप फिलहाल पूर्व छात्रा के बयान पर आधारित हैं. पुलिस अन्य साक्ष्यों के आधार पर इन आरोपों की भी जांच कर रही है.
30 साल से आगरा में रह रहे थे ओमप्रकाश यादव
ओमप्रकाश यादव मूलरूप से कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के कठिका गांव के रहने वाले थे. वह करीब 30 साल से आगरा में रह रहे थे. वह सेक्टर-7 स्थित शिवालिक कैंब्रिज स्कूल में गणित पढ़ाते थे. इसके अलावा सेक्टर-3 के वीएस प्लाजा में अपनी कोचिंग भी चलाते थे. उनकी शादी नहीं हुई थी. फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.