Gurugram News: गुरुग्राम में बिजली गुल होने से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल में पड़ गई है. घरों में न बिजली है और न ही पानी का इंतजाम हो पा रहा है. परेशान महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य निवासी आखिरकार सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. मामला सेक्टर-5 के अशोक विहार इलाके का है, जहां बिजली संकट से नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया. हालात संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा. अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर बिजली जल्द बहाल कराने का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ.
गहराया जल संकट
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, 21 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे बिजली चली गई थी. इसके बाद लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई. बिजली न होने का असर सिर्फ पंखे और लाइट तक सीमित नहीं रहा बल्कि घरों में पानी की समस्या भी खड़ी हो गई. लोगों का कहना है कि बिजली से चलने वाली मोटर बंद होने के कारण पानी की टंकियां खाली हो गईं.
लोगों को हुई परेशानी
ऐसे में खाना बनाने, नहाने और बच्चों को स्कूल भेजने जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया. नौकरीपेशा लोगों को सुबह दफ्तर जाने की तैयारी में परेशानी हुई. वहीं बुजुर्गों और छोटे बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कुछ निवासियों ने आरोप लगाया कि पानी भरने के लिए जनरेटर का सहारा लेने पर एक घंटे के लिए 5,000 रुपये तक मांगे जा रहे हैं.
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल
हरियाणा में बिजली निगम के निजीकरण के विरोध में कर्मचारी तीन दिन की हड़ताल पर हैं. इसी बीच गुरुग्राम के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई हैं. अशोक विहार के लोगों का कहना है कि उन्हें हड़ताल शुरू होने से पहले ही बिजली संकट का सामना करना पड़ा. उनका सवाल है कि कर्मचारियों की मांगों और आंदोलन के बीच आम परिवारों को बुनियादी सुविधाओं के लिए क्यों परेशान होना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि आसपास की कुछ ऊंची इमारतों में बिजली आ रही थी. वहीं उनकी कॉलोनी अंधेरे में थी. उन्होंने बिजली विभाग से आपूर्ति बाधित होने की वजह स्पष्ट करने की मांग की.
सड़क पर लगा जाम
लंबे समय तक बिजली नहीं आने से नाराज लोगों ने अशोक विहार में सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया. स्थानीय निवासियों के अनुसार, जाम करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक फैल गया, जिससे वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा. सूचना मिलने पर एसीपी धर्मजीत समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने लोगों से बातचीत की और जाम हटाने की अपील की. अधिकारियों ने बिजली बहाल कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हट गए.
फिर करेंगे प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, शुरुआत में आधे घंटे के भीतर बिजली आने की बात कही गई थी लेकिन बाद में दो घंटे तक इंतजार करने को कहा गया. लोगों ने तय किया कि वे तय समय तक इंतजार करेंगे. अगर आपूर्ति बहाल नहीं होती है, तो दोबारा प्रदर्शन करने पर विचार किया जा सकता है.