Amravati Paratwada Obscene Video Case: महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा से अश्लील वीडियो सामने आए, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. ये एक या दो वीडियो नहीं, बल्कि 350 वीडियो सामने आने की बात कही जा रही है. इनमें कुछ लड़कियां नहीं, बल्कि 180 से ज्यादा लड़कियों की अश्लील वीडियोज शामिल होने का भी आरोप लगाया जा रहा है. इस मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद अयान को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं कुछ समय बाद सामने आया कि वो आरोपी AIMIM से जुड़ा हुआ है. अब ये मामला सियासी रंग ले चुका है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और तमाम आरोपों के बाद जांच तेज हो गई है. वहीं आरोपी को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा जा चुका है. हालांकि ये मामला ऐसा है कि जिसने सभी की नींदें हराम कर दी हैं.
तेजी से वायरल हुए वीडियो
बता दें कि परतवाड़ा में अश्लील वीडियो कांड का पता लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया. सोशल मीडिया पर अचानक कई लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो सामने आए, जिसने लोगों को हैरान कर दिया. वीडियो तेजी से शेयर होते देख स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ने लगा. पुलिस ने इस मामले पर स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू की. आरोपी अयान को गिरफ्तार किया गया. उसे अदालत में पेश कर 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया, जहां पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है.
सियासी रंग ले रहा मामला
वहीं अब इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है. दरअसल, भाजपा नेताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि इस मामले में 180 से ज्यादा लड़कियों का शोषण हुआ है और 350 से ज्यादा वीडियो बनाए गए हैं. वहीं आरोपी के AIMIM से जुड़े होने की बात कही जा रही है. वहीं AIMIM के स्थानीय अध्यक्ष आदिल मोहम्मद ने कहा कि आरोपी पहले AIMIM से जुड़ा था लेकिन उसे संगठन से हटा दिया गया था. हालांकि अभी पुलिस की तरफ से इसका कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. आधिकारिक तौर पर 7 लड़कियों की पहचान हुई है.
पुलिस ने पीड़िताओं से की अपील
इस मामले में परतवाड़ा पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक सुरेश मस्के ने जानकारी दी कि पीड़िताओं से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने पीड़िताओं से अपील की है कि वे खुलकर सामने आएं. हालांकि साथ ही उन्हें यकीन दिलाने की कोशिश कर रही है कि उनकी पहचान को गोपनीय रखा जाएगा.