Faridabad Murder: हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि उसकी कीमत एक परिवार को अपने सदस्य की जान देकर चुकानी पड़ी. सेक्टर-21C में टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात का आरोप उनके पड़ोसी मोनू शर्मा पर है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 राउंड गोलियां चलाईं. इनमें से 9 गोलियां परमजीत को लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच पार्किंग को लेकर काफी समय से तनाव चल रहा था. बताया जा रहा है कि मोनू का बेटा पार्किंग में अपने कुत्ते को गंदगी कराता था. परमजीत का परिवार इसका विरोध करता था. इसी बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो चुकी थी.
गाड़ी पार्किंग के कारण विवाद
शुक्रवार रात गाड़ी खड़ी करने को लेकर परमजीत और मोनू के बीच बहस हुई. आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि मोनू ने गुस्से में अपनी पिस्टल निकाल ली और परमजीत पर लगातार गोलियां बरसा दीं. हमले में गंभीर रूप से घायल परमजीत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
बेटे ने पुलिस को दी जानकारी
गोलीबारी की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना के बाद परमजीत के बेटे शौर्या ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके पूरी जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में ले लिया. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है. पुलिस अब वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
भांजे की शादी के लिए सिंगापुर से लौटे थे
इस घटना ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. परमजीत धनखड़ सिंगापुर में रहते थे और टेक महिंद्रा में एशिया हेड के पद पर काम कर रहे थे. वह अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले ही फरीदाबाद आए थे. परिवार में 24 नवंबर को होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं.