Muhurat Trading 2026: दिवाली के त्योहार पर शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए अहम अपडेट है. इस साल 8 नवंबर, रविवार को दिवाली के मौके पर BSE और NSE में विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जाएगा. आमतौर पर रविवार को बाजार बंद रहते हैं, लेकिन इस परंपरा के तहत निवेशकों को शेयरों की खरीद-बिक्री का मौका मिलेगा. एक्सचेंजों के तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुहूर्त ट्रेडिंग दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक चलेगी. वहीं, दिवाली के बाद 10 नवंबर, मंगलवार को दिवाली-बालिप्रतिपदा के कारण शेयर बाजार में कारोबार नहीं होगा. कमोडिटी एक्सचेंज MCX ने भी दिवाली के दिन विशेष ट्रेडिंग सेशन का समय तय किया है.
रविवार को खुलेगा शेयर बाजार, निवेशकों को मिलेगा खास मौका
इस बार दिवाली 8 नवंबर को पड़ रही है. रविवार होने के बावजूद शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. BSE और NSE इस दिन सीमित समय के लिए कारोबार की अनुमति देंगे. मुहूर्त ट्रेडिंग को भारतीय शेयर बाजार में शुभ शुरुआत के तौर पर देखा जाता है. यही वजह है कि कई निवेशक इस मौके पर नए शेयर खरीदते हैं और अपने निवेश की शुरुआत करते हैं. हालांकि, यह सामान्य कारोबारी दिन की तरह नहीं, बल्कि एक विशेष सत्र होता है.
क्या है मुहूर्त ट्रेडिंग का पूरा टाइमटेबल?
BSE और NSE पर मुहूर्त ट्रेडिंग की शुरुआत दोपहर 2:20 बजे होगी और बाजार 3:30 बजे तक खुला रहेगा. इससे पहले निवेशकों के लिए प्री-ओपन सेशन आयोजित किया जाएगा.
दोपहर 2:05 से 2:15 बजे: प्री-ओपन सेशन.
दोपहर 2:10 से 2:15 बजे: केवल लिमिट ऑर्डर स्वीकार किए जाएंगे.
दोपहर 2:15 से 2:17 बजे: ऑर्डर का मिलान और पुष्टि होगी.
दोपहर 2:20 से 3:30 बजे: सामान्य मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन.
इस दौरान निवेशक तय समय के भीतर शेयरों में खरीदारी और बिकवाली कर सकेंगे.
MCX पर भी दिवाली के दिन होगी ट्रेडिंग
दिवाली के मौके पर सिर्फ इक्विटी मार्केट ही नहीं, बल्कि कमोडिटी बाजार में भी कारोबार का अवसर मिलेगा. देश के प्रमुख कमोडिटी एक्सचेंज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX ने भी विशेष ट्रेडिंग सेशन की घोषणा की है. इसके मुताबिक, दोपहर 2:05 बजे से 2:19 बजे तक विशेष सेशन आयोजित होगा. इसके बाद 2:20 बजे से 3:30 बजे तक नियमित मुहूर्त ट्रेडिंग चलेगी. इस दौरान कमोडिटी सेगमेंट में कारोबार करने वाले निवेशक सोना, चांदी और अन्य कमोडिटी में ट्रेडिंग कर सकेंगे.
10 नवंबर को शेयर बाजार में रहेगी छुट्टी
मुहूर्त ट्रेडिंग के दो दिन बाद यानी 10 नवंबर, मंगलवार को BSE और NSE में कारोबार पूरी तरह बंद रहेगा. इस दिन दिवाली-बालिप्रतिपदा का त्योहार मनाया जाएगा. इसके अलावा नवंबर और दिसंबर में भी शेयर बाजार में छुट्टियां रहेंगी.
एक्सचेंज के कैलेंडर के मुताबिक, 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व और 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर भी शेयर बाजार में सामान्य कारोबार नहीं होगा. ऐसे में निवेशकों को ट्रेडिंग से जुड़ी अपनी योजनाएं बनाते समय इन तारीखों का ध्यान रखना चाहिए.
1957 में शुरू हुई थी मुहूर्त ट्रेडिंग की परंपरा
भारतीय शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग का इतिहास काफी पुराना है. इसकी शुरुआत साल 1957 में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) से हुई थी. बाद में 1992 में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने भी इस परंपरा को अपनाया. पुराने समय में व्यापारी दिवाली के दिन नए बही-खाते खोलते थे और उनकी पूजा करते थे. इसे चोपड़ा पूजन कहा जाता है. इसी परंपरा से जुड़कर शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग की शुरुआत हुई.
यह भी पढ़े: इस सस्ते शेयर के निवेशकों की खुल सकती है किस्मत! बोनस शेयर, स्टॉक स्प्लिट और डिविडेंड का तोहफा