Free Fire India: मोबाइल गेमिंग के शौकीनों के लिए बड़ी खबर है. अगर आप BGMI और Call of Duty Mobile जैसे गेम खेलना पसंद करते हैं, तो Free Fire India आपके लिए नया रोमांच लेकर आने वाला है. गेमिंग कंपनी Garena ने घोषणा की है कि उसका लोकप्रिय बैटल रॉयल गेम Free Fire India 28 अक्टूबर से डाउनलोड के लिए उपलब्ध होगा. इस बार गेम को खास तौर पर भारतीय खिलाड़ियों की जरूरतों और पसंद को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें मनोरंजन के साथ सुरक्षा और जिम्मेदार गेमिंग पर भी जोर दिया गया है.
दिवाली पर गेम में दिखेगा भारतीय रंग
Free Fire India की लॉन्चिंग के साथ खिलाड़ियों को दिवाली का खास तोहफा भी मिलेगा. Garena गेम में एक विशेष दिवाली कैंपेन शुरू करेगी, जिसमें भारतीय संस्कृति, अलग-अलग समुदायों की झलक, पारंपरिक पोशाकें और खास कलाकृतियां देखने को मिलेंगी. यह इन-गेम उत्सव 15 नवंबर तक चलेगा. खिलाड़ी पहले की तरह अपने दोस्तों के साथ टीम बनाकर मुकाबलों में हिस्सा ले सकेंगे. गेम में बैटल रॉयल का रोमांच बरकरार रहेगा और नए इवेंट्स के जरिए खेलने का अनुभव और दिलचस्प बनाने की कोशिश की जाएगी. कंपनी के मुताबिक, गेम को Apple App Store और Google Play Store से मुफ्त डाउनलोड किया जा सकेगा.
कम बजट वाले फोन में भी चलेगा गेम
गेमर्स के लिए एक और अच्छी बात यह है कि Free Fire India को अलग-अलग क्षमता वाले स्मार्टफोन्स के हिसाब से ऑप्टिमाइज किया गया है. यानी कम रैम वाले एंट्री-लेवल फोन इस्तेमाल करने वाले खिलाड़ियों को भी इसे खेलने का मौका मिलेगा. वहीं, बेहतर फीचर्स वाले महंगे स्मार्टफोन्स पर भी गेम खेला जा सकेगा. सुरक्षा के लिहाज से भी इसमें कई बदलाव किए गए हैं. 18 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए माता-पिता की ऑनलाइन सहमति जरूरी होगी. इसके अलावा, स्क्रीन ब्रेक के रिमाइंडर, रोजाना खेलने की समयसीमा और गेम के अंदर खर्च की सीमा जैसे फीचर्स शामिल किए जाएंगे.
भारत में सुरक्षित रहेगा यूजर्स का डेटा
Garena के अनुसार, भारतीय खिलाड़ियों का डेटा देश में मौजूद स्थानीय क्लाउड सर्वर्स पर होस्ट किया जाएगा. कंपनी का कहना है कि गेम तैयार करते समय भारतीय अधिकारियों से मिले सुझावों को भी ध्यान में रखा गया है. Garena भारतीय ई-स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय संगठनों के साथ काम करने और स्कूल-कॉलेज स्तर पर टूर्नामेंट आयोजित करने की भी योजना है.
ये भी पढ़ें: अभिषेक की आंधी में उड़ा न्यूजीलैंड, भारत ने छह विकेट से जीता मुकाबला, सीरीज पर भी कब्जा