Syed Mushtaq Ali Trophy 2026-27: भारतीय क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचान बना चुके रजत पाटीदार ने घरेलू टी20 क्रिकेट में एक और यादगार पारी खेली है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में मध्य प्रदेश की कप्तानी कर रहे पाटीदार ने असम के खिलाफ गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उन्होंने सिर्फ 48 गेंदों में नाबाद 135 रन बना दिए. उनकी पारी में 13 छक्के और 8 चौके शामिल रहे. इस धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर मध्य प्रदेश ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 250 रन बनाए.
41 गेंदों में पूरा किया शतक
न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर खेले गए मुकाबले में पाटीदार पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे. उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया, लेकिन पारी का असली विस्फोट आखिरी पांच ओवरों में देखने को मिला.
पाटीदार ने 41 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. इसके बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका और उन्होंने पारी को 135 रन तक पहुंचाया. उनकी स्ट्राइक रेट 281.25 रही. पारी में लगाए गए 13 छक्के और 8 चौके उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की कहानी बयां करते हैं.
मध्य प्रदेश की शुरुआत बहुत आसान नहीं रही थी. टीम ने 57 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे. ऐसे समय में पाटीदार ने जिम्मेदारी संभाली और शिवांग कुमार के साथ मिलकर पारी को मजबूती दी. शिवांग ने भी 38 गेंदों पर 61 रन बनाए.
चोटों के कारण India A टीम से हटे थे पाटीदार
पाटीदार की इस पारी की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि कुछ दिन पहले ही उन्होंने ACC राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत A की 50 ओवर वाली टीम से अपना नाम वापस लिया था. BCCI के बयान के मुताबिक, उन्होंने मौजूदा चोटों को संभालने के लिए 50 ओवर के प्रारूप में चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहने की जानकारी दी थी. उनकी जगह आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया.
हालांकि, टी20 प्रारूप में पाटीदार की शानदार फॉर्म जारी है. IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाने वाले इस बल्लेबाज ने अब घरेलू टूर्नामेंट में भी बड़ा प्रदर्शन किया है.
असम के खिलाफ यह पारी मौजूदा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी सीजन का पहला शतक रही. साथ ही, पाटीदार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक लगाने वाले मध्य प्रदेश के पहले बल्लेबाज बने.