Gujarat Crime: गुजरात से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक महिला ने अपने पति के दोस्त के साथ अवैध संबंध बनाने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने बदला लेने के लिए उसकी दो साल की मासूम बेटी को निशाना बनाया. आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया. इस घटना में बच्ची के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
महिला पर संबंध बनाने का बना रहा था दबाव
यह मामला गुजरात के भरूच जिले का है. पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सुरेंद्रकुमार के रूप में हुई है. वह पीड़िता के पति का दोस्त बताया जा रहा है. आरोप है कि वह काफी समय से महिला पर उसके साथ अवैध संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था.
महिला ने जब उसकी बात मानने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उसे फोन पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. पुलिस के अनुसार, महिला के बार-बार मना करने से नाराज आरोपी ने उससे बदला लेने की साजिश रची और उसकी मासूम बेटी को निशाना बनाया.
चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को कमरे में ले गया आरोपी
पीड़ित बच्ची की मां की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, घटना के समय दो साल की बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी. इसी दौरान आरोपी उसके पास पहुंचा और उसे चॉकलेट देने का लालच दिया. इसके बाद वह बच्ची को अपने कमरे में ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया.
आरोप है कि इस दरिंदगी के कारण बच्ची के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आईं. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया. इसके बाद बच्ची के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
POCSO एक्ट के तहत आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
इसके बाद आरोपी को भरूच की विशेष पॉक्सो अदालत में पेश किया गया. पुलिस ने मामले की आगे की जांच और पूछताछ के लिए उसकी रिमांड मांगी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.