Kannauj School Bus Accident: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में कम से कम चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य लोग घायल हो गए. घायलों में 24 छात्र और स्कूल के आठ कर्मचारी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
टॉयलेट के लिए एक्सप्रेसवे पर रोकी गई थी बस
पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे कन्नौज के ठठिया इलाके के पास हुआ. कौशांबी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस आगरा में ताजमहल घूमकर लौट रही थी. बस में कुल 50 लोग सवार थे, जिनमें छात्र और स्कूल स्टाफ शामिल थे.रास्ते में बच्चों को टॉयलेट जाने के लिए बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोका गया था. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
कन्नौज में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा। आगरा से कौशांबी जा रही स्कूल बस में ट्रक ने टक्कर मारी। 4 स्टूडेंट्स की मौत। आगरा ट्रिप से लौट रहे थे 50 बच्चे और 6 टीचर। #Kannauj #RoadAccident #School @NBTLucknow https://t.co/rb7Ab9X8Vc
— Praveen Mohta (@MohtaPraveenn) November 24, 2026
चार बच्चों की मौत, 32 लोग घायल
कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे में 32 लोग घायल हुए हैं. इनमें 24 छात्र और स्कूल के आठ कर्मचारी शामिल हैं. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) के कर्मचारी और वहां से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे.सभी ने मिलकर क्षतिग्रस्त बस में फंसे बच्चों और अन्य लोगों को बाहर निकाला. इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया.हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.