Maa Majhighariani Temple Rayagada Odisha: ओडिशा के रायगढ़ा स्थित प्रसिद्ध मां मझिघरियाणी मंदिर में सोमवार को दान पेटियों की गिनती के दौरान करोड़ों की आस्था की झलक देखने को मिली. हुंडियों से लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और कई देशों की विदेशी मुद्रा मिली. लेकिन इन सबके बीच एक सात पन्नों की चिट्ठी ने मंदिर में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इस चिट्ठी में एक भक्त ने अपनी जिंदगी की परेशानियां, कर्ज और आर्थिक संकट का दर्द मां के सामने रखा था.
हुंडियों से मिले 54 लाख रुपये
मंदिर की कुल नौ हुंडियों को कड़ी सुरक्षा के बीच खोला गया. गिनती की पूरी प्रक्रिया निगरानी में कराई गई और नकदी को रायगढ़ा स्थित यूनियन बैंक की मुख्य शाखा ले जाया गया. गिनती पूरी होने के बाद दान पेटियों से कुल 54 लाख 15 हजार 902 रुपये नकद मिले. इसके अलावा हुंडियों से 64 ग्राम सोना और 1.764 किलोग्राम चांदी के आभूषण भी मिले. दान में अमेरिकी डॉलर, ओमानी रियाल, सऊदी रियाल और यूएई दिरहम समेत कई देशों की विदेशी मुद्रा और सिक्के भी शामिल थे.
भक्त ने लिखी 7 पन्नों की चिट्ठी
दान पेटी से मिली सात पन्नों की चिट्ठी ने इस पूरी गिनती को भावुक कर दिया. बताया जा रहा है कि यह पत्र कोरापुट निवासी सुनील खरा ने लिखा था. पत्र पर 20 अगस्त 2026 की तारीख दर्ज थी. चिट्ठी में सुनील ने बताया कि वह आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं और उन पर करीब 23 लोगों का कर्ज है. उन्होंने मां मझिघरियाणी से ऐसी आमदनी और क्षमता देने की प्रार्थना की, जिससे वह सभी का कर्ज चुका सकें और आर्थिक संकट से बाहर निकल सकें.
नौकरी, घर और परिवार के लिए मां से मांगी मदद
भक्त ने अपनी चिट्ठी में अच्छी नौकरी मिलने, आमदनी बढ़ने और घर की बिक्री से जुड़े जरूरी कागजी काम बिना परेशानी पूरे होने की प्रार्थना की. उन्होंने अपनी मां और भाई की सलामती की भी कामना की. इसके साथ ही सुनील ने मानसिक शांति, सही फैसले लेने की शक्ति और जीवन में सही रास्ता दिखाने की गुहार लगाई. चिट्ठी के आखिर में उन्होंने अपनी सभी परेशानियों और कर्ज को मां के चरणों में समर्पित करने की बात लिखी. इस तरह एक तरफ मंदिर की हुंडियों से लाखों रुपये, सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा मिली, वहीं दूसरी तरफ एक भक्त ने अपनी जिंदगी का दर्द सात पन्नों में लिखकर मां के दरबार में छोड़ दिया. यह चिट्ठी वहां मौजूद लोगों के लिए आस्था और उम्मीद की एक भावुक तस्वीर बन गई.
ये भी पढ़ें: Today Weather 1 September: 17 राज्यों में भारी बारिश और तुफान, IMD का अलर्ट; जानें पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम