Vande Bharat stone pelting: मुंबई से अहमदाबाद जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर मंगलवार शाम सूरत के पास पथराव की घटना से हड़कंप मच गया. खास बात यह रही कि जिस समय ट्रेन पर पत्थर फेंके गए, उसी ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल भी सफर कर रही थीं. हालांकि, वह सुरक्षित हैं और किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है. घटना के बाद रेलवे पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है.
उत्तराण-कोसाड के बीच हुआ पथराव
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 22961 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस सूरत रेलवे स्टेशन से रवाना होने के बाद उत्तराण और कोसाड के बीच से गुजर रही थी. इसी दौरान शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच ट्रेन पर पथराव किया गया. घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दी गई. इसके बाद आईपीएफ/अंकलेश्वर की टीम मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
पथराव से दो कोच की खिड़कियां क्षतिग्रस्त
रिपोर्ट के अनुसार, पत्थर लगने से ट्रेन के सी-6 और सी-10 कोच की खिड़कियों को नुकसान पहुंचा. हालांकि पथराव के बावजूद किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. रेलवे पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पथराव किसने और किस वजह से किया. गिरफ्तार संदिग्ध से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
उसी ट्रेन में सफर कर रही थीं आनंदीबेन पटेल
घटना के वक्त उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी वंदे भारत एक्सप्रेस में मौजूद थीं. वह ट्रेन के एग्जीक्यूटिव कोच में यात्रा कर रही थीं, जिसके चलते वह पूरी तरह सुरक्षित रहीं. दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल भी ट्रेन में मौजूद थे. राज्यपाल अपने गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन-दीव के दौरे पर हैं. यात्रा के दौरान उन्होंने वंदे भारत में अभिनेता अनंग देसाई और अन्य सहयात्रियों से मुलाकात भी की.
मॉनसून फेस्टिवल में भी हुई थीं शामिल
आनंदीबेन पटेल और प्रफुल पटेल ने अपने दौरे के दौरान दमन एवं दीव में आयोजित मॉनसून फेस्टिवल-2026 के तहत सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाई थी. इसके अलावा राज्यपाल ने सिलवासा स्थित नमो मेडिकल हॉस्पिटल का निरीक्षण किया था. उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं और न्यूमैटिक ट्यूब सिस्टम की जानकारी ली तथा मरीजों और मेडिकल विद्यार्थियों से बातचीत की थी. इसके बाद उन्होंने सिलवासा के स्वामी विवेकानंद विद्यामंदिर स्कूल का भी दौरा किया और वहां की शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का जायजा लिया.
वंदे भारत पर लगातार पथराव की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं
वंदे भारत एक्सप्रेस देश की प्रमुख आधुनिक ट्रेनों में शामिल है, लेकिन अलग-अलग हिस्सों से इस पर पथराव की घटनाएं सामने आती रही हैं. ऐसी घटनाओं में यात्रियों के साथ-साथ ट्रेन के शीशों और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है. सूरत के पास हुई इस घटना में फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन राज्यपाल समेत बड़ी संख्या में यात्रियों की मौजूदगी के कारण मामला गंभीर माना जा रहा है. रेलवे पुलिस गिरफ्तार संदिग्ध से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह और अन्य संभावित आरोपियों का पता लगाने में जुटी है.