Varanasi Hotel Murder Suicide Case: वाराणसी कमिश्नरेट के बड़ागांव थाना क्षेत्र में बाबतपुर के पास स्थित केजे होटल के एक कमरे में सोमवार देर रात एक युवक और एक युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई. युवती बड़ागांव की रहने वाली प्रिया केसरी (23) और युवक मंडुवाडीह का रहने वाला विकास केसरी (20) था. वे आपस में रिश्तेदार थे.
युवती की लाश कमरे में मिली, जिसकी गर्दन कटी हुई थी, जबकि युवक की लाश फंदे से लटकी हुई मिली. फोरेंसिक टीम की जांच में पता चला कि युवक ने पहले चाकू से युवती का गला काटा और फिर खुद को फांसी लगा ली. दोनों दोपहर करीब 1 बजे होटल पहुंचे थे.
नाराज था युवक
पुलिस के मुताबिक, युवक ने बाथरूम में युवती का गला इसलिए काटा ताकि खून बाथरूम में बह जाए. वह इस बात से नाराज था कि युवती की शादी कहीं और तय हो गई थी. शक है कि वह आखिरी बार मिलने के बहाने युवती को होटल में ले गया और फिर उसकी हत्या कर दी. थाना प्रभारी पंकज पांडे ने बताया कि विकास का पहले अपने भाई की साली प्रिया से प्रेम संबंध था और दोनों के परिवारों को इस बारे में पता था. विकास किराने की दुकान चलाता था, जबकि प्रिया ब्यूटीशियन थी.
घटना की सूचना मिलने पर DCP गोमती जोन नीतू कादयान भी मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों ने होटल के कमरे और आसपास के इलाकों का मुआयना किया. फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी सबूत और सैंपल इकट्ठा किए. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
DCP गोमती जोन ने बताया कि दोनों मृतक रिश्तेदार थे. युवक ने पहले युवती की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली. परिवार ने शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि प्रिया सुबह घर से निकली थी. विकास भी गायब था. दोनों के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद दोनों मिल गए. कमरा अंदर से बंद था. प्रिया के परिवार वाले थाने पहुंचे.