Robot Allegedly Touches Teen Girl: जर्मनी के कोलोन शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 16 वर्षीय लड़की अपने दोस्तों के साथ एक फास्ट-फूड रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी थी. इसी दौराम एक रोबोट ने उसके साथ छेड़छाड़ की. बताया जा रहा है कि इस घटना का वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीम किया गया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए रोबोट को जब्त कर लिया. साथ ही घटना को रिकॉर्ड करने के संदेह में दो किशोरों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि क्या लड़की को परेशान करने के लिए मशीन को जानबूझकर नियंत्रित किया गया था. वहीं ये मामला सामने आने के बाद से केवल जर्मनी ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है.
कहां, कब और कैसे हुई घटना?
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार , यह घटना रविवार रात लगभग 11:45 बजे जर्मनी के कोलोन के मध्य में स्थित एक व्यस्त सड़क होहेनज़ोलर्नरिंग पर हुई. लड़की अपने दोस्तों के साथ एक फास्ट-फूड रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी थी. इसी दौरान लगभग 1.2 मीटर ऊंचा एक लाल और सुनहरे रंग का रोबोट कथित तौर पर उसके पास आया. उसने पीछे से छेड़छाड़ को अंजाम दिया. जानकारी के अनुसार, इस घटना का वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग की गई.
कोलोन पुलिस ने क्या कहा?
कोलोन पुलिस के एक प्रवक्ता ने इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए कहा, ‘आरोप है कि उस रोबोट ने 16 वर्षीय लड़की को पीछे से छुआ और उसके खिलाफ धक्के मारने जैसी हरकतें कीं.’ संदेह है कि रोबोट का 16 वर्षीय मालिक, जो वेजबर्ग का रहने वाला है. उसका 19 वर्षीय साथी ने घटना का वीडियो बनाया और उसके घटित होने के दौरान उस पर टिप्पणी भी की. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्धों की फॉक्सवैगन सेडान कार की डिक्की में रोबोट बरामद किया. जांच के तहत पुलिस ने रोबोट और किशोरों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए.
दो मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘अधिकारियों ने संदिग्धों से रोबोट और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं. आपराधिक जांच विभाग यौन उत्पीड़न के संदेह में मामले की जांच कर रहा है.’ पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना के समय रोबोट कैसे काम कर रहा था और क्या उसकी गतिविधियों को रिमोट कंट्रोल से नियंत्रित किया जा रहा था. जांचकर्ता इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि क्या लड़की को परेशान करने के लिए मशीन को जानबूझकर नियंत्रित किया गया था.