Horror Films: वीकएंड पर चाहिए डर का डोज? द नन’ से ‘टॉक टू मी’ तक देखें ये 6 हॉरर फिल्में
Horror Films: वीकेंड पर लोग अक्सर रोमांटिक, कॉमेडी और एक्शन फिल्म से ज्यादा हॉरर फिल्म देखना पसंद करते हैं. कमरे की लाइट बंद करके डर के एहसास को महसूस करना डरावना होता है. भूतों की खौफनाक दुनिया लोगों को डर के साए में पहुंचा देती है. रहस्यमयी ताकतों और अनजाने डर से रूह तक कांप जाती है. ऐसे में अगर आप भी इस वीकेंड डर, सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर हॉरर फिल्म देखना चाहते हैं, तो हम आपको द नन से लेकर टॉक टू मी तक 6 फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं.
द नन
द नन एक हॉरर फिल्म है, जो द कॉन्जरिंग यूनिवर्स की सबसे चर्चित हॉरर स्पिन-ऑफ फिल्मों में से एक है. ये कहानी वालक नाम के राक्षसी भूत के इर्द-गिर्द घूमती है. इसे पहली बार द कॉन्जरिंग 2 में देखा गया था. 2018 में आई पहली फिल्म में एक पादरी और एक नौसिखिया नन को रोमानिया के एक सुनसान मठ में भेजा जाता है. वहां उन्हें एक बेहद खतरनाक अलौकिक ताकत का सामना करना पड़ता है. द नन के दो पार्ट रिलीज हो चुके हैं. इसका पहला पार्ट 2018 में द नन रिलीज हुई. दूसरा पार्ट 2023 में द नन पार्ट 2 रिलीज हुआ था.
टॉक टू मी
2022 में टॉक टू मी फिल्म रिलीज हुई थी, जो एक ऑस्ट्रेलियन हॉरर फिल्म है. इसकी कहानी दोस्तों के एक ग्रुप के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म में एक रहस्यमयी हाथ की मूर्ति डर का माहौल बनाती है. इस हाथ के जरिए लोग आत्माओं को बुलाने की कोशिश करते हैं. ये कहानी मिया और उसके दोस्त इस अजीबोगरीब खेल का हिस्सा बनते हैं. वे हाथ पकड़कर एक खास तरीके से आत्मा को बुलाते हैं. कुछ सेकंड के लिए इंसान पर उस आत्मा के कब्जे में चला जाता है. इसके बाद फिल्म का खतरनाक रोल खत्म होता है.
द कॉन्ज्यूरिंग
जब हॉरर फिल्म का नाम आता है, तो द कॉन्जरिंग अव्वल नंबर पर होती है. 2013 में आई द कॉन्ज्यूरिंग ने एड और लॉरेन वॉरेन की जोड़ी को हॉरर सिनेमा में खास पहचान दिलाई. ये ऐसे परिवार की कहानी है, जो रोड आइलैंड के एक सुनसान फार्महाउस में शिफ्ट होने के बाद अजीब और डरावनी घटनाओं का सामना करने लगता है. घर में पहले से कोई रहस्यमयी ताकत होती है, जो उन्हें परेशान करती है. बता दें कि द कॉन्जरिंग के 4 पार्ट रिलीज हुए हैं. पहला पार्ट द कॉन्जरिंग 2013 में, दूसरा द कॉन्जरिंग 2 2016 में, तीसरा द कॉन्जरिंग: द डेविल मेड मी डू इट 2021 में और द कॉन्जरिंग: लास्ट राइट्स 2025 में रिलीज हुई थी.
हेरिटेरी
हेरिटेरी 2018 में रिलीज हुई थी. ये फिल्म एक मनोवैज्ञानिक हॉरर फिल्म है, जिसे Ari Aster ने लिखा और डायरेक्ट किया था. ये कहानी ग्राहम परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है. परिवार की मुखिया एलेन की मौत के बाद उसकी बेटी एनी और उसका परिवार धीरे-धीरे कुछ घटनाओं में उलझने लगता है. उन घटनाओं का संबंध उनके परिवार के अतीत और विरासत से है.
इंसिडियस
इंसिडियस 2011 में आई फिल्म के अब तक 6 पार्ट रिलीज हो चुके हैं. फिल्म की कहानी Josh और Renai Lambert और उनके बेटे Dalton के इर्द-गिर्द घूमती है. अचानक Dalton कोमा जैसी अवस्था में चला जाता है. डॉक्टर इसकी कोई साफ वजह नहीं बता पाते लेकिन इसके बाद घर में अजीब और डरावनी घटनाएं शुरू हो जाती हैं. बाद में पता चलता है कि डैल्टन का शरीर The Further नाम की रहस्यमयी दुनिया में पहुंच गई है. वहां पर भटकी हुई आत्माएं और खतरनाक राक्षसी शक्तियां होती हैं.
ईविल डेड
ईविल डेड खून-खराबे, राक्षसी ताकतों और खौफनाक माहौल वाली हॉरर फिल्म है. ईविल डेड के 6 पार्ट रिलीज हुए हैं, जो सीरीज 1981 में शुरू हुई थी. कहानी एक सुनसान जंगल में बने केबिन में पहुंचने वाले दोस्तों के ग्रुप से शुरू होती है. वहां उन्हें Necronomicon यानी एक रहस्यमयी 'Book of the Dead' मिलती है. किताब में लिखे मंत्रों के साथ छेड़छाड़ होते ही प्राचीन दानवी शक्तियां जाग जाती हैं और दोस्तों पर कब्जा करना शुरू कर देती हैं.