भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से 3-मैच की T20I सीरीज शुरू हो रही है. इस सीरीज के लिए घोषित टीम इंडिया में सबसे बड़ा आकर्षण 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी बने हैं, जिन्हें भारत की सीनियर T20 टीम में शामिल किया गया है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी और तिलक वर्मा की उपकप्तानी वाली इस टीम में संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह की भी वापसी हुई है. बिहार के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी ने अपने धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर इतनी छोटी सी उम्र में राष्ट्रीय टीम का बुलावा हासिल कर हर किसी को हैरान कर दिया है.
आपको बताते चलें कि सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा और तीसरा T20 मैच 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा.
यहां देख सकते हैं लाइव मुकाबला
इस सीरीज का टीवी प्रसारण ‘सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क’ (Sony Sports Network) पर किया जाएगा. सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया के चीफ रेवेन्यू ऑफिसर और बिजनेस हेड (स्पोर्ट्स) राजेश कौल ने कहा, ‘अफगानिस्तान और भारत की यह सीरीज हमारे क्रिकेट पोर्टफोलियो को और मजबूत बनाती है. दोनों टीमें आक्रामक और मनोरंजक क्रिकेट खेलती हैं, इसलिए फैंस को तीन रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे. हम भारत, नेपाल, मालदीव और भूटान के दर्शकों तक इस सीरीज को पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.’
कहां देख सकते हैं लाइव स्ट्रीम?
अगर आप भारत-अफगानिस्तान सीरीज का डिजिटल लाइव स्ट्रीम देखना चाहते हैं, तो फैनकोड (FanCode) ऐप और वेबसाइट पर इसका मजा उठा सकते हैं. सभी मुकाबले शाम 7 बजे भारतीय समयानुसार होगा.
IND vs AFG T20I सीरीज का शेड्यूल:
पहला T20I: 13 सितंबर (अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली), शाम 7 बजे
दूसरा T20I: 15 सितंबर (अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली), शाम 7 बजे
तीसरा T20I: 17 सितंबर (अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली), शाम 7 बजे
दोनों टीमों की स्क्वाड
भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम में ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, तिलक वर्मा और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. वहीं, जसप्रीत बुमराह, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा का खेलना उनकी फिटनेस रिपोर्ट और मेडिकल जांच पर निर्भर करेगा.
अफगानिस्तान टीम: इब्राहिम जादरान की कप्तानी वाली अफगानिस्तान टीम के पास राशिद खान की अगुवाई में एक मजबूत स्पिन अटैक है. टीम में रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नईब और मोहम्मद नबी जैसे शानदार ऑलराउंडर शामिल हैं.
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के सीईओ नसीब खान ने कहा, ‘भारत में खेलना हमेशा खास होता है क्योंकि यहां क्रिकेट का एक अलग ही जुनून है. यह सीरीज हमारे खिलाड़ियों को दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मौका देगी.’