Jasprit Bumrah Unwanted Record: भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के लिए आईपीएल 2026 का सीजन सबसे ज्यादा खराब रहा. जसप्रीत बुमराह के लिए आईपीएल सीजन किसी बुरे सपने की तरह बीता, जिसे वो भुला देना चाहेंगे. आईपीएल 2026 में जसप्रीत बुमराह ने मुंबई इंडियंस के लिए कुल 13 मैच खेले, जिसमें 8.36 की इकॉनमी से सिर्फ 4 विकेट चटकाए. इस दौरान बुमराह का औसत 102.5 का रहा.
इसका मतलब है कि बुमराह ने एक विकेट लेने के लिए 102.5 रन खर्च किए हैं. इसके चलते जसप्रीत बुमराह के नाम शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. दरअसल, जसप्रीत बुमराह किसी भी टी20 लीग में 100 से ज्यादा की औसत से एक विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं. जसप्रीत बुमराह ने आईपीएल 2026 में 13 मैचों में कुल 294 रन खर्च किए.
बुमराह का IPL 2026 में प्रदर्शन
जसप्रीत बुमराह ने आईपीएल 2026 में 102.5 की औसत से 4 विकेट चटकाए. उनके एक विकेट का खर्च 102 रन से ज्यादा का रहा है. यह किसी भी गेंदबाज के लिए टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे खराब औसत है, जिसने टूर्नामेंट में कम से कम 40 ओवर फेंके हैं. बता दें कि जसप्रीत बुमराह ने आईपीएल 2026 में कुल 49 ओवर में गेंदबाजी की.
बुमराह का प्रदर्शन क्यों हुआ खराब?
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) को विश्व के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में गिना जाता है. बुमराह ने फरवरी में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया था. इसके कुछ ही समय बाद आईपीएल 2026 शुरू हो गया, जिससे बुमराह को रेस्ट करने का ज्यादा मौका नहीं मिला. आईपीएल में आने से पहले बुमराह को फिटनेस की दिक्कतें थीं. मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने ने भी बताया कि बुमराह T20 वर्ल्ड कप के बाद से ही थोड़ी परेशानी से जूझ रहे थे, जिससे टूर्नामेंट के दौरान उनकी लय और रफ्तार दोनों पर बुरा असर पड़ा.
IPL 2026 में MI का खराब प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा. मुंबई इंडियंस ने इस सीजन प्वाइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर फिनिश किया. मुंबई इंडियंस को 14 मैचों में सिर्फ 4 जीत मिली, जबकि 10 हार का सामना करना पड़ा. जसप्रीत बुमराह का खराब फॉर्म मुंबई इंडियंस के लिए बड़ा नुकसान साबित हुई.