राशिद खान ने इससे पहले भी वनडे क्रिकेट में दो बार छह या उससे ज्यादा विकेट लिए थे. उन्होंने 17 मार्च 2017 को आयरलैंड के खिलाफ 6/43 का प्रदर्शन किया था. इसके बाद 9 जून 2017 को वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने 7/18 विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की थी. अब आयरलैंड के खिलाफ 6/34 के प्रदर्शन के साथ उनके नाम तीन छह विकेट हॉल हो गए हैं. राशिद ने 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था और अब वह 121 वनडे खेल चुके हैं.
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छह विकेट लेने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वकार यूनिस के नाम है. वकार ने अपने वनडे करियर में पांच बार छह या उससे ज्यादा विकेट लिए थे. वहीं वानिंदु हसरंगा, इमरान ताहिर, शाहिद अफरीदी, अकिला धनंजया, संदीप लामिछाने और अजंता मेंडिस जैसे स्पिनरों ने दो-दो बार छह विकेट लिए हैं. राशिद अब वकार यूनिस के बाद एक ही टीम के खिलाफ एक से ज्यादा बार छह विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज भी बन गए हैं.
राशिद खान की शानदार गेंदबाजी के दम पर अफगानिस्तान ने दूसरे वनडे में आयरलैंड को 92 रन से हरा दिया. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47 ओवर में 299/8 रन बनाए थे. इसके जवाब में आयरलैंड की पूरी टीम 33.2 ओवर में 207 रन पर ऑलआउट हो गई. राशिद के छह विकेट ने आयरलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और अफगानिस्तान को पांच मैचों की सीरीज में अहम जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई.