Yamuna River Cleaning: दिल्ली की पहचान और जीवनरेखा मानी जाने वाली यमुना नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए अब सरकार के साथ बॉलीवुड सितारे भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं. गुरुवार को दिल्ली में आयोजित यमुना सफाई अभियान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ अभिनेता जैकी श्रॉफ, अभिनेत्री ईशा गुप्ता और गायक बिस्मिल ने हिस्सा लिया. इस दौरान सभी ने लोगों से नदी को साफ रखने और शहर में गंदगी न फैलाने की अपील की. अभियान का मकसद सिर्फ यमुना की सफाई करना नहीं बल्कि लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझाना भी है.
CM रेखा गुप्ता ने बताया हर नागरिक का फर्ज
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अभियान में शामिल होकर कहा कि यमुना की सफाई किसी एक विभाग या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है. इसके लिए दिल्ली के हर नागरिक को आगे आना होगा. उन्होंने यमुना को ‘मदर यमुना’ बताते हुए कहा कि यह अभियान केवल मुनक नहर तक सीमित नहीं है बल्कि पूरी दिल्ली और नदी के संरक्षण से जुड़ा है. उन्होंने लोगों से त्योहारों और आयोजनों के बाद सार्वजनिक स्थानों की सफाई करने की भी अपील की.
#WATCH | Delhi Chief Minister Rekha Gupta, actor Jackie Shroff and singer Bismil participate in the Yamuna Cleanliness Campaign at Munak Nehar Ghat, Shalimar Bagh. https://t.co/fsg5r1mSig
— ANI (@ANI) November 19, 2026
जैकी श्रॉफ ने बच्चों के भविष्य की दी दुहाई
अभिनेता जैकी श्रॉफ ने अपने खास अंदाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि केवल बातें करने से कुछ नहीं बदलेगा बल्कि सभी को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी. जैकी ने कहा कि हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली, साफ हवा और स्वच्छ पानी छोड़ना चाहिए. उन्होंने लोगों से ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.
ईशा गुप्ता ने कचरा फेंकने से पहले सोचने को कहा
अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने भी सफाई अभियान में लोगों को अहम संदेश दिया. उन्होंने कहा कि कहीं भी कचरा फेंकने से पहले एक बार जरूर सोचना चाहिए. हमारी धरती, हमारा देश और हमारा भविष्य हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने बच्चों और युवाओं से भी अपील की कि वे अपने आसपास सफाई रखें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
सिंगर बिस्मिल ने भी दिया स्वच्छता का संदेश
गायक बिस्मिल ने दिल्ली सरकार, भामला फाउंडेशन और मॉडर्न स्कूल की इस पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि शहर को साफ रखने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है. हर व्यक्ति को अपने कचरे का सही प्रबंधन करना चाहिए. उन्होंने लोगों से यमुना को प्रदूषण से बचाने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की.