Gorakhpur Road Show: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की PDA रथ यात्रा के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. अखिलेश यादव के रोड शो में फूल बरसाने के लिए चलाए जा रहे JCB की चपेट में आने से 14 साल के आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई. इस घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. वहीं हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान सामने आने से प्रदेश की राजनीति में भी आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं.
JCB की चपेट में आया किशोर
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को गोरखपुर के कूड़ाघाट इलाके में अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा निकल रही थी. इसी दौरान स्वागत के लिए फूल बरसाने में इस्तेमाल की जा रही JCB की चपेट में आर्यवर्धन सिंह आ गया. वह भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का 14 वर्षीय बेटा था. हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. गुरुवार सुबह राप्ती नदी के तट पर राजघाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया.
‘आखिर मासूम की गलती क्या थी?’
घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि रोड शो के दौरान हुई अराजकता में एक मासूम की जान चली गई लेकिन जिम्मेदार लोगों की ओर से संवेदना के शब्द तक नहीं आए. मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि आखिर उस बच्चे की गलती क्या थी? उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अच्छी सड़कें गुंडागर्दी और अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनाई गई हैं. उन्होंने प्रशासन को भी घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि प्रदेश में माफियागिरी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
‘मुझे घटना की जानकारी नहीं…’
दूसरी ओर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बच्चे की मौत को लेकर कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है. उन्होंने रोड शो के दौरान प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए. अखिलेश ने कहा कि प्रशासन ने कोई उचित इंतजाम नहीं किया था. उन्होंने लोगों को भाजपा के लोगों से सतर्क रहने की बात भी कही.
ये भी पढ़ें: आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, फिलहाल जेल नहीं जाएंगे सपा नेता; ED की याचिका खारिज