Coal India की सब्सिडियरी कंपनी Mahanadi Coalfields का IPO गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को निवेश के लिए खुल गया है. हालांकि, इश्यू के पहले दिन निवेशकों की तरफ से खास उत्साह देखने को नहीं मिला. दोपहर 1:55 बजे तक IPO को कुल 14% सब्सक्रिप्शन मिला था. एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 6.96 लाख शेयरों के लिए बोलियां आई थीं, जबकि कुल 49.31 लाख शेयर ऑफर किए गए हैं.
निवेशकों की अलग-अलग कैटेगरी में भी शुरुआती प्रतिक्रिया कमजोर रही. नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा 0.05 गुना, रिटेल निवेशकों का हिस्सा 0.10 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 0.33 गुना सब्सक्राइब हुआ.
कितना है Mahanadi Coalfields IPO का प्राइस बैंड?
Mahanadi Coalfields इस IPO के जरिए कुल 8,981.12 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है. कंपनी ने प्रति शेयर 129 से 136 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है. यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है, जिसके तहत 66,18,36,300 इक्विटी शेयर बिक्री के लिए रखे गए हैं.
इस इश्यू में कोई नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे. IPO का एक लॉट 110 शेयरों का है. अपर प्राइस बैंड यानी 136 रुपये के हिसाब से रिटेल निवेशकों को कम से कम 14,960 रुपये लगाने होंगे.
कितना है IPO का GMP और कितने पर हो सकती है लिस्टिंग?
ग्रे मार्केट में भी Mahanadi Coalfields IPO को लेकर सीमित प्रीमियम देखने को मिल रहा है. 19 नवंबर 2026 को दोपहर 2:02 बजे तक इसका GMP 1.70 रुपये था.
कंपनी का अपर प्राइस बैंड 136 रुपये है. ऐसे में मौजूदा GMP के आधार पर शेयर की संभावित लिस्टिंग कीमत 137.70 रुपये आंकी जा रही है. इस हिसाब से निवेशकों को करीब 1.25% लिस्टिंग गेन मिलने का अनुमान है.
हालांकि, GMP अनौपचारिक बाजार का संकेत होता है. यह लिस्टिंग पर मिलने वाले वास्तविक रिटर्न की गारंटी नहीं देता और इसमें बदलाव हो सकता है.
IPO से मिलने वाला पैसा Coal India को जाएगा
Mahanadi Coalfields का यह इश्यू पूरी तरह OFS आधारित है. इसका मतलब है कि इसमें कंपनी नए शेयर जारी करके पूंजी नहीं जुटा रही है. मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेच रहे हैं और इससे मिलने वाली पूरी रकम Coal India को मिलेगी.
इस IPO का एक अहम उद्देश्य Mahanadi Coalfields को शेयर बाजार में लिस्ट कराना और उसकी कारोबारी वैल्यू को सामने लाना है.
एंकर निवेशकों से जुटाए 2,295 करोड़ रुपये
IPO खुलने से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से 2,295 करोड़ रुपये जुटाए हैं. इसके लिए 53 फंड्स को 136 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 16,87,68,255 इक्विटी शेयर आवंटित किए गए हैं.
Coal India की किसी सब्सिडियरी कंपनी की यह इस साल तीसरी लिस्टिंग होगी. इससे पहले जनवरी में Bharat Coking Coal Ltd शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी. वहीं, Central Mine Planning & Design Institute Ltd का IPO मार्च में आया था.
देश की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनियों में शामिल
Mahanadi Coalfields पूरी तरह Coal India के स्वामित्व वाली सब्सिडियरी है. कंपनी का मुख्य कारोबार ओडिशा के तलचर और इब वैली कोयला क्षेत्रों में फैला हुआ है.
वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने 218.31 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया था. देश के कुल कोयला उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी करीब 21% और Coal India के कुल उत्पादन में 28.4% रही. उत्पादन के लिहाज से यह देश की सबसे बड़ी एकल कोयला उत्पादक कंपनी है. ऐसे में IPO के जरिए निवेशकों को देश के प्रमुख कोयला कारोबार में हिस्सेदारी खरीदने का मौका मिल रहा है.
(डिस्क्लेमर: यह कंटेंट केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से दी गई है. इसे वित्तीय, निवेश, कानूनी या कर संबंधी सलाह न समझें। किसी भी वित्तीय निर्णय लेने से पहले पाठकों को विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए.)